काेराेना वैक्सीन की दूसरी डाेज लगाने में बड़े गड़बड़झाला का खुलासा हुआ है। मुशहरी पीएचसी क्षेत्र में 24 हजार लाेगाें ने दूसरी डोज ली नहीं और उनके मोबाइल पर मैसेज आ गया कि यू आर वैक्सीनेटेड यानी बगैर दूसरी डाेज के टीकाकरण के ही प्रमाणपत्र जारी हाे गया। इसके बाद जिले का स्वास्थ्य महकमा सकते में है।
अधिकारियों के अनुसार औराई और साहेबगंज सहित अन्य प्रखंडों में भी ऐसी ही गड़बड़ी सामने आई है। हालांकि, अब खुलकर काेई अधिकारी सटीक आंकड़ा नहीं दे रहा है। उल्लेखनीय है कि मुशहरी प्रखंड के रौशनपुर चकल की शमितला देवी के मोबाइल पर 28 अक्टूबर काे दूसरी डाेज ले लेने का मैसेज आया।

जबकि, उन्होंने वैक्सीन नहीं ली है। शुभम कुमार काे भी बिना सेकेंड डाेज लगे वैक्सीनेशन हाे जाने का मैसेज आ गया। अब दोनों लाेग टीका लेने के लिए सदर अस्पताल से पीएचसी तक का चक्कर काट रहे हैं। लेकिन, ऑनलाइन उनका सर्टिफिकेट देख अधिकारी यही मान रहे हैं कि दोनों ने टीका ले लिया है।
अब लोगों की परेशानी यह कि कैसे लेंगे दूसरी डोज
सीएस ने मांगा स्पष्टीकरण
इस बीच सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार शर्मा ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. राजेश कुमार से 72 घंटों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। सीएस ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि जवाब संतोषजनक नहीं रहने पर संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

सभी 16 प्रखंडों में बिना टीका आ रहा मैसेज
बगैर टीका लिए सर्टिफिकेट का मामला सिर्फ मुशहरी का नहीं है। जिले के सभी 16 प्रखंडों में बिना टीका लिए लाेगाें काे सर्टिफिकेट का मैसेज मिल रहा है। इसकी शिकायत लाेग डीआईओ और सिविल सर्जन से कर रहे हैं। औराई पीएचसी के प्रभारी डाॅ. राजेश कुमार ने खुद माना कि उनके यहां भी 100-200 लाेगाें काे बिना टीका लगे मैसेज आ गया है।
साहेबगंज में भी 20-25 ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। जानकारी के अनुसार महाटीका अभियान के दाैरान रविवार को मुशहरी पीएचसी केंद्र पर कोरोना वैक्सी0न के दूसरे डोज लिए बिना लाेगाें का आंकड़ा भी ऑनलाइन अपडेट कर दिया गया। इसके साथ बिना टीका के प्रमाण पत्र भी निर्गत हो गया। ऐसे 24 हजार मामले आने के बाद सिविल सर्जन ने कहा कि इस लापरवाही की जांच कराई जाएगी।




Leave a Reply