पटना में पूजा के लिए इस बार 12 घाट कम हो गए हैं। 4 खतरनाक और 8 में नाला का पानी आने के कारण पूजा के लिए प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे में सामान्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाएगी। भीड़ को लेकर सबसे बड़ी चुनौती बच्चों के साथ वृद्ध लोगों के गायब होने की है। प्रशासन ने घाटों तक जाने वाले रास्तों की निगरानी बढ़ाने के साथ खोया पाया सेंटर को पूरी तरह से एक्टिव कर दिया है। सुरक्षा को लेकर आम लोगों भी एक्टिव होना होगा।
घाटों पर बच्चों को लेकर नहीं जाएं
घाट पर पूजा के लिए बच्चों को न ले जाएं तो अच्छा होगा। अगर मन्नत या अन्य किसी कारण से ले जाना पड़े तो पूरी तरह से सावधान रहें। बच्चों के पैंट शर्ट की जेब में अपने घर का पूरा पता और मोबाइल नंबर किसी कागज पर लिखकर रख दें। बच्चों को यह समझाएं भी कि अगर भीड़ में साथ छूठता है तो वह किसी पुलिस वाले के पास चले जाएं। ऐसे में पुलिस वालों को एड्रेस और मोबाइल नंबर से परिवार की तलाश करने में काफी आसानी हो जाएगी। पर्व पर सुरक्षित पूजा को लेकर प्रशासन भी लोगों को जागरुक कर रहा है।


ड्यूटी को लेकर अर्ल्ट जारी
पटना में छठ घाटों एवं मार्गो में तैनात किए गए मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों को ड्यूटी को लेकर अलर्ट किया गया है। सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के साथ व्रतियों एवं श्रद्धालु भक्तों की सुरक्षा के लिए हमेशा अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। घाटों पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को गंगा तट के घाटों पर भीड़ को लेकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। छठ घाटों तक आने जाने वाले रास्ते को सुगम, सुरक्षित बनाए रखने तथा वाहनों का निर्धारित स्थलों पर ही पार्किंग कराने का निर्देश दिया गया है। एसपी ट्रैफिक को रास्तों को लेकर मॉनिटरिंग का निर्देश है। बिजली आपूर्ति को लेकर अधीक्षण अभियंता को लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। EE, AE और JE को भी घाटों को संबद्ध कर ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है।

कोरोना से रहना होगा सावधान
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए पटना में सभी श्रद्धालु भक्तों से मास्क और सैनिटाइजर का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा टीकाकरण से अब तक छूटे हुए लोगों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीका लगवाने की अपील की जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि वह घाटों पर सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से अलर्ट रहें। सोशल डिस्टेंस के साथ मास्क को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरतें। बीमार वृद्ध और बच्चों को लेकर पूरी तरह से सावधानी बरती जाए। किसी भी दशा में साथ नहीं छूटे इसकी कोशिश की जाए। प्रशासन ने भीड़ को लेकर कोरोना का खतरा और रास्तों में सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से तैयार करा रहा है।




Leave a Reply