सीतामढ़ी में पुलिस-पब्लिक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इनमें दोनों तरफ से जमकर लात-घूसे चले। बाद में इससे आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार शाम सड़क जाम कर हंगामा किया। लोगों ने SP और थानाध्यक्ष का तबादला करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। घटना नगर थाना क्षेत्र के जानकी स्थान चौक की है।
आरोप है कि वर्दी के रौब में पुलिस के जवानों ने JDU की महिला नेता और उनके पुत्र दिल्ली भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसे देख स्थानीय लोग आग बबूला हो गए और पुलिस जवानों की जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान हालात ये हो गया कि दोनों ओर से लात-घूसों की बरसात होने लगी। पब्लिक-पुलिस दोनों मामले को लेकर एक-दूसरे पर आरोप साबित करने में लगे हुए हैं।


पुलिस पर गाड़ी में बैठे लोगों पर लाठीचार्ज करने का आरोप
स्थानीय लोगों की मानें तो जानकी स्थान से रीगा रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर ड्यूटी में पुलिस बल के जवान तैनात थे। तभी एक स्कॉर्पियो से बच्चे को ठोकर लगी। इसके बाद गाड़ी को रोकने पुलिस गई। गाड़ी रोकने में विलंब होने पर पुलिस ने गाड़ी में बैठे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। इससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।
स्थानीय लोगों आरोप लगा रहे थे कि QRT(Quick Response Team) जवान और ट्रैफिक पुलिस आए दिन अवैध वसूली को लेकर बकझक करते हैं। शुक्रवार को भी कुछ इसी तरह का माहौल था। हालांकि, आक्रोशित लोगों को शांत करने में सदर DSP रामाकांत उपाध्याय के साथ नगर थाना की पुलिस अपने दलबल के साथ जुटी है।




Comment here