समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत तकरीबन 3 लाख 23 हजार प्रारंभिक शिक्षकों का अक्टूबर तक के वेतन भुगतान की राशि 1749 करोड़ 79 लाख, 26 हजार 336 रुपये सभी जिलों को उपलब्ध करा दी गई है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक श्रीकांत शास्त्री ने 24 घंटे के अंदर शिक्षकों को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को दिया है। यह बिहार के इन शिक्षकों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की सरकार द्वारा दीपावली गिफ्ट (Diwali Gift) से कम नहीं है।
प्राथमिकता के आधार पर राशि की हुई व्यवस्था
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने राज्य के सभी शिक्षकों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन के बकाया भुगतान हेतु जिलों को राशि उपलब्ध करा दी गई है। पिछले दो-तीन महीने से शिक्षकों का वेतन भुगतान नहीं हो पाया था जिसके कारण उन्हें कठिनाई महसूस हो रही थी, लेकिन शिक्षा विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर राशि की व्यवस्था कर शिक्षकों के बकाया राशि के भुगतान सुनिश्चित कराई है। खास तौर से दीपावली एवं छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों में वेतन का भुगतान नहीं होने को विभाग ने गंभीरता से लिया और राशि उपलब्ध कर भुगतान हेतु निर्देश जारी किया।


आज जारी होगा मैट्रिक का डमी एडमिट कार्ड
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2022 में शामिल होने के लिए तीन नवंबर तक फार्म भरने वाले विद्यार्थी चार नवंबर को डमी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते है। बिहार बोर्ड के आधिकारिक वेबसाइट secondary.biharboardonline.com पर त्रुटि सुधार के लिए डमी प्रवेश पत्र उपलब्ध रहेगा। आठ नवंबर तक डमी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्राचार्य छात्रों को उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान विद्यार्थी अपना सभी जानकारी चेक करेंगे। इसमें गलती होने पर आनलाइन प्राचार्य के माध्यम से सुधार किया जा सकेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान परीक्षा फार्म के लिए चालान जमा नहीं कर पाने की स्थिति में परीक्षार्थी 15 नवंबर तक जमा कर सकता है।




Leave a Reply