BIHARBreaking NewsSTATE

दीपावली में DJ बजाया तो खैर नहीं, पटना में सुबह 6 से रात 10 बजे तक बजेगा लाउडस्पीकर

दीपावली पर DJ बजाया तो खैर नहीं होगी। दशहरा में ध्वनि प्रदूषण के टूटे रिकॉर्ड को लेकर दीपावली में प्रशासन की सख्ती है। थानेदारों को आदेश जारी कर कहा गया है कि वह ध्वनि प्रदूषण को लेकर पूरी तरह से अलर्ट रहे और कोई भी तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाता है या फिर डीजे चलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

दीपावली में लक्ष्मी पूजा के दौरान कोरोना की गाइडलाइन को लेकर भी पुलिस को सख्ती बरतने का आदेश दिया गया है, इसके साथ ही मजिस्ट्रेट की भी तैनाती अलग अलग इलाकों में की गई है।

मनचलों पर रहेगी खुफिया पुलिस की नजर
लक्ष्मी पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही, पटना के सभी थानेदारों को विशेष निगरानी का निर्देश है। दीपावली में मनचलों पर निगरानी के लिए खुफिया टीम बनाई गई है। मूर्ति विसर्जन के लिए मजिस्ट्रेट के साथ विशेष पुलिस पदाधिकारी को तैनात किया गया है। हर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पर्व और त्योहार में पटना में मनचले इकट्ठा होकर तथा झुंड बनाकर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं। ऐसे मनचले भीड़ भाड़ में अश्लील हरकत करते हैं जिससे शांति व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का खतरा होता है।

लाउडस्पीकर को लेकर निर्देश
डीएम और एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश जारी कर कहा है कि थानाध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हमेशा भ्रमण पर रहेंगे। वह ऐसे मनचलों को चिन्हित करेंगे जो सामाजिक सद्भाव पर खतरा बनने के लिए हरकत करते हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करने को लेकर विशेष टीम लगाई गई है। इसके साथ ही लाउडस्पीकर बजाने का समय सुबह 6 बजे से लेकर रात में 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। सामान्य आवाज से तेज होने पर कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित डेसीबल के अनुसार ही लाउडस्पीकर बजाना है। डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारियों ने पहले ही डीजे संचालकों को निर्देश दे दिया है। पुलिस का कहना है कि इसके बाद भी डीजे बजाने वालों का सिस्टम जब्त कर कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली पर पटना में विशेष निगरानी
दीपावली शांति व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रहेगी। इसके लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार का मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जुलूस का आयोजन नहीं होगा। इसके लिए पूर्व में जो अनुमति लेना होगा।

सावधान बाजार में कोरोना का बड़ा खतरा
दीपावली पर बाजारों में भीड़ के दौरान कोरोना का बड़ा खतरा है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। कोविड-19 के संक्रमण के खतरे को देखते हुए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंस की अपील की जा रही है। मंदिरों के साथ पंडालों मे पूजा के प्रबंधकों, आयोजकों को सैनिटाइजर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
प्रशासन ने मॉनिटिरंग को लेकर कंट्रोल रूम बनाया है। संवेदनशील स्थानों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को 24 घंटे चौकसी बरतने तथा पटना सिटी एवं फुलवारीशरीफ क्षेत्रों में सघन पुलिस पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा जिसके लिए फोन नंबर 2219234 और 2219810 तथा सिटी नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 2631813 जारी किया गया है।

लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर सतर्कता का निर्देश है। नदियों और सहायक नदियों में मूर्ति का विसर्जन नहीं किया जाना है। पटना नगर निगम क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन स्थल भद्र घाट और भद्र घाट के पूरब महावीर घाट के नजदीक कृत्रिम तालाब तथा दीघा पाटी पुल घाट में किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.