BIHARBreaking NewsSTATE

बड़ी खबर: चुनाव हारने के बाद बिगड़ी लालू यादव की तबीयत, राबड़ी, मीसा और तेजस्वी संग दिल्ली रवाना

पटना. बिहार विधानसभा उपचुनाव में दोनों सीटों कुशेश्वरस्थान और तारापुर पर आरजेडी को मिली हार के बाद पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार की शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जाता है कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से उन्हें दिल्ली ले जाया गया है. लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी दिल्ली रवाना हुये हैं. लालू प्रसाद यादव ने दिल्ली जाने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि तबीयत खराब है इसलिए वह दिल्ली जा रहे हैं. वहीं राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेजस्वी यादव कुछ भी बोलने से परहेज करते रहे.
मिली जानकारी के अनुसार लालू यादव अपने परिवार के संग बुधवार की शाम एयर इंडिया की 7.15 की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुये हैं. बताया जाता है कि लालू के साथ उनके परिवार के 12 सदस्य भी साथ गए हैं. आरजेडी नेताओं की ओर से बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव तबीयत सही नहीं होने की वजह से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं. हालांकि, बिहार के राजनीतिक गलियारे में लालू के दिल्ली रवानगी को उपचुनाव में आरजेडी को मिली हार से भी जोड़ा जा रहा है.


बता दें, लालू प्रसाद यादव 10 दिन पहले बिहार उपचुनाव में शिरकत करने के लिए पटना पहुंचे थे. बिहार पहुंचते ही लालू प्रसाद यादव ने पुराने अंदाज में चुनावी सभाओं को संबोधित किया और कड़े तेवर में जमकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी हमला किया. लेकिन, 2 नवंबर को आए चुनाव परिणाम में आरजेडी को दरभंगा के कुशेश्वरस्थान और मुंगेर के तारापुर दोनों जगह हार मिली.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.