दीपावली और छठ पर बाहर से घर आने वाले लोगों में 40 फीसदी ऐसे हैं, जिन्होंने कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीका नहीं लिया है। इनमें मजदूर तबके के लोग अधिक हैं। इसकी जानकारी पटना जिला प्रशासन को तब हुई, जब शहर के तीन बड़े रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की गई।
पटना में अब तक लगभग 20 हजार ऐसे लोगों की कोरोना जांच और टीकाकरण हुआ है, जो देश के अन्य राज्यों से आए हैं। पिछले 10 दिनों से पटना एयरपोर्ट, पटना जंक्शन, दानापुर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर टीकाकारण और कोरोना जांच के लिए कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
टीका लेने के बारे में पूछा गया
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, केरल, उतर प्रदेश तथा मध्यप्रदेश से ट्रेन और हवाई जहाज से आने वाले लगभग 20 हजार लोगों की कोरोना जांच की गई। उनसे टीका लेने के बारे में पूछा गया। इसमें पता चला कि लगभग आठ हजार ऐसे लोग हैं, जिन्होंने कोरोना वायरस का टीका नहीं लिया है। इसमें सबसे अधिक मजदूर तबके के लोग हैं। प्रत्येक दिन इन जगहों पर औसतन दो हजार लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। अब तक सिर्फ एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जो अथमलगोला का रहने वाला है। सबसे अधिक पटना जंक्शन पर लोगों की जांच की जा रही है। यहां औसतन प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोगों की जांच की जा रही है।



अस्पतालों को किया गया अलर्ट
दीपावली और छठ में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सभी अस्पतालों के प्रभारियों को अलर्ट कर दिया है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सभी अस्पताल प्रभारियों को निर्देश दिया है कि यदि उनके अस्पताल में कोई भी व्यक्ति जिसमें कोरोना का लक्षण दिख रहा है, उसकी जांच जरूर कराएं। इसे गंभीरता से लें। यदि एक परिवार या गांव में कोरोना के लक्षण दिखने वालों की संख्या अधिक है तो इसकी सूचना प्रशासन को जरूर दें ताकि वहां समुचित व्यवस्था की जा सके। ऐसे लोगों को पटना जिला प्रशासन की ओर से निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका देने की व्यवस्था की गई है।
बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराने के बाद पता चला कि 40 प्रतिशत ऐसे हैं, जिन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका नहीं लिया है। इसीलिए ऐसे लोगों की सूची संबंधित पीएचसी प्रभारियों को भेजी जा रही है, ताकि उन्हें टीका दिया जा सके। लोगों में टीकाकरण को लेकर जागरूकता भी फैलाई जा रही है। दिवाली और छठ पर बाहर से आने वाले लोगों की संख्या अच्छी खासी होती है, इसीलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
-डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डीएम पटना





Leave a Reply