सोशल मीडिया पर प्यार तो बहुत बार सुना होगा। लेकिन, इस बार रांग नम्बर पर प्यार हो गया। दो साल पहले मोतिहारी की पूजा के नंबर पर गलती से मुजफ्फरपुर के औराई के रवि कुमार का कॉल चला गया था। दोनों में बात हुई तो पता लगा की रांग नंबर है। उस समय तो कॉल काट दिया। लेकिन, दो दिन बाद फिर रवि ने मिस्ड कॉल दिया। इस बार पूजा ने कॉल बैक किया। फिर दोनों में बातें हुईं। तकरार भी हुआ। लेकिन, जल्द ही ये तकरार प्यार में बदल गया।
फिर तो घंटों तक दोनों एक दूसरे से बात करने लगे। अब पूजा ने रवि से शादी करने की इच्छा जाहिर की। रवि इसके लिए तैयार था। लेकिन, कहीं से दोनों के माता-पिता को भनक लग गयी। लड़की से मोबाइल छीन लिया। बातचीत बन्द हो गयी। रविवार को वह लड़की औराई थाना पहुंची। थानेदार राजेश कुमार से अपने प्यार की पूरी दास्तां सुनाई। उन्होंने लड़की के उम्र का सत्यापन किया। फिर उसके परिजन को बुलाया। इधर, रवि और उसके माता-पिता को भी बुलाया गया।


दूल्हा और दुल्हन को आशीर्वाद देते थानेदार राजेश कुमार।
बाराती बने पुलिसकर्मियों ने दिया आशीर्वाद
पहले तो रवि के परिजन ने इंकार कर दिया। लेकिन, थानेदार में दोनों पक्ष को समझाया। कहा की जब दोनों बालिग हैं। प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं तो आपलोगों को क्या एतराज है। दोनों स्वजातीय भी हैं। थानेदार के समझाने पर दोनों पक्ष मान गए। औराई में शिव मंदिर में शाम में दोनों की शादी कराई गई। थानेदार समेत सभी पुलिसकर्मी और गांव के कुछ गणमान्य लोग इसमे बाराती बनकर शामिल हुए। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन ने थानेदार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद लड़की परिजनों से विदा लेकर ससुराल चली गयी।
अनोखी शादी की हर तरफ वाहवाही
ग्रामीणों ने कहा कि कई सालों में कभी-कभार ही ऐसी अनोखी शादी देखने और सुनने को मिलती है। पुलिस का ये मानवीय चेहरा देखकर ग्रामीण काफी खुश दिखे। कहने लगे की पुलिस को हमेशा आक्रोश वाले रूप में देखा है। आज ये रूप देखकर एक अनोखा एहसास हुआ। इस शादी की सभी ने जमकर तारीफ की। कहा की जब मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी।
क्या बोले थानेदार
थानेदार राजेश कुमार ने कहा की लड़का-लड़की दोनों बालिग थे। दोनों प्यार भी करते थे और शादी करना चाहते थे। ऐसे में अगर उनकी बातों को नहीं सुनते तो हो सकता था। वे कुछ गैरकानूनी कदम उठा लेते। दोनों की खुशी उन्हें इसी में दिखाई पड़ी। इसलिए विधि व्यवस्था से दोनों की शादी कर दी गयी।



Leave a Reply