BIHARBreaking NewsSTATE

छठ पर चाक-चौबंद रहेंगे सभी अस्पताल, घाटों पर तैनात होगी मेडिकल टीमें, मिलेगी एंबुलेंस और दवाओं की सुविधा

छठ महापर्व के मौके पर राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लेकर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र (पीएचसी) तक को चाक-चौबंद रखने को अलर्ट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने छठ महापर्व को लेकर सभी जिलों के सिविल सर्जनों को सभी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक (आपदा) डॉ. देवेंद्र कुमार गुप्ता ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त रखें। 

08 से 11 नवंबर तक विशेष रूप से सतर्कता बरतने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार 08 से 11 नवंबर तक इस साल छठ महापर्व का आयोजन होगा। इस मौके पर नदियों, घाटों एवं तालाबों पर छठ व्रतियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की भारी भीड़ जमा होती है। पिछले वर्षों में राज्य के विभिन्न भागों में छठ पूजा के दौरान लोगों के डूबने, भगदड़ मचने इत्यादि से कई अप्रिय घटनाएं घटी हैं। इसलिए छठ महापर्व के दौरान 08 नवंबर से 11 नवंबर के बीच जिलों में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की व्यवस्था कर ली जाए। 

घाटों पर भी मेडिकल टीम तैनात की जाएगी

जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश के तहत जिलों में स्थित नदी एवं नदी घाटों पर या अन्य महत्वपूर्ण घाटों पर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल टीमों की तैनाती और विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सभी चिकित्सा शिविरों में डॉक्टरों, पारा-मेडिकल कर्मी मेडिकल टीम में शामिल होंगे। 

घाटों पर एंबुलेंस व दवाओं की व्यवस्था की जाएगी

विभाग के अनुसार घाटों पर एंबुलेंस एवं दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि ससमय सभी चिन्हित छठ घाटों पर एंबुलेंस एवं दवाओं की व्यवस्था की जाए। 

कोरोना जांच और प्रोटोकॉल का पालन होगा

छठ महापर्व के दौरान नदी, तालाब व घाटों पर कोरोना जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और इसके साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में पूर्व में विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिए गए निर्देशों का कठोरतापूर्वक पालन सुनिश्चित किया जाए। 

सिविल सर्जनों की आपात बैठक आयोजित

छठ महापर्व, कोरोना संकट एवं कोरोना टीकाकरण अभियान सहित अन्य विषयों को लेकर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिलों के सिविल सर्जनों की आपात बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में सभी जिलों में स्वास्थ्य व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गयी। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक, अपर सचिव, अपर कार्यपालक निदेशक सहित सभी जिलों के सिविल सर्जन शामिल हुए। बैठक में जिला स्वास्थ्य समितियों को उपलब्ध कराए गए बजटीय उपबंध एवं अन्य विषयों पर भी चर्चा की गयी। बैठक में सिविल सर्जनों ने कोरोना जांच व इलाज एवं कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी विभाग को दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.