बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार सुबह एक पूर्व थानेदार के यहां कार्रवाई शुरू की है। टीम ने सारण के डोरीगंज के पूर्व थानेदार संजय प्रसाद के दो ठिकानों पर छापा मारा है। EOU की एक टीम मुजफ्फरपुर तो दूसरी टीम बेतिया के समहौता स्थित उनके पुश्तैनी घर पर है। दोनों घर में मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की जा रही है। ADG नैयर हसनैन खान कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
दरअसल, कोरोना काल के दोनों लॉकडाउन में सारण में बालू का अवैध खनन जमकर हुआ था। उस दौरान संजय प्रसाद डोरीगंज के थानेदार थे। आरोप है कि इन्होंने बालू माफिया का खूब साथ दिया था। उनके साथ मिलाकर पूर्व थानेदार ने करोड़ों रुपए कमाए। जब इनके काले कारनामों की जानकारी सरकार को हुई तो उसके बाद इंटरनल जांच कराई गई थी। इसमें इनके ऊपर लगे आरोपों को सही पाया गया था। इसके बाद सस्पेंड करते हुए संजय प्रसाद का ट्रांसफर दूसरे रेंज में कर दिया गया था।




बेतिया में घर के बाहर सुरक्षाकर्मी।

EOU ने आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत 25 अक्टूबर को संजय प्रसाद के खिलाफ पटना में FIR दर्ज की। फिर कोर्ट में अपील कर इनके ठिकानों पर छापेमारी करने के लिए ऑर्डर मांगा। कोर्ट ने इनकी अपील को मंजूर किया और सर्च वारंट भी जारी कर दिया। इसके बाद ही सुबह कार्रवाई शुरू हो गई। बालू के अवैध खनन, बालू माफिया के साथ देना और इनके माध्यम से काली कमाई करने वाले भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अब तक कई अफसरों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।




Comment here