BIHARBreaking NewsSTATE

बेतिया में 5 वर्ष बाद जिंदा लौटा मृ’तक, पत्नी व ससुराल वालों पर भाई ने लगाया था ह’त्या आ’रोप

बेतिया में एक व्यक्ति, जिसको सभी मरा हुआ मान चुके थे, पांच साल बाद वापस जीवित लौट आया। खास बात यह है कि उसकी हत्या के मामले में उसकी पत्नी समेत ससुराल के कई लोग आरोपित हैं और फिलहाल पटना हाईकोर्ट से मिली बेल पर बाहर हैं। मामले में अब पुलिस ने उक्त शख्स का बयान दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई में लगी है।

पूरा मामला बेतिया के साठी थाना क्षेत्र की है। साठी के कटहरी गांव निवासी विकास कुमार ने अपने भाई राम बहादुर राव की हत्या का मामला 2016 में बेतिया कोर्ट में दर्ज कराया था। विकास कुमार ने बताया कि 2015 में उनका एक्सीडेंट हुआ था। उसी दौरान गुजरात में रहने वाला उनका भाई राम बहादुर राव उन्हें देखने साठी आया था। उसके बाद वापस चला गया। बाद में जब वो अपने भाई के ससुराल पहुंचे तो उसे वहां नहीं देखा। उनकी पत्नी विधवा स्थिति में मिली। उन्होंने जांच पड़ताल की तो भाई का कोई अता-पता नहीं चला। ससुराल वाले भी सही-सही कुछ बता नहीं पा रहे थे। शक हुआ कि भाई की हत्या कर दी गई है।

इसके बाद विकास कुमार भाई की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए साठी और रामनगर थाने का चक्कर काटते रहे। जब दोनों थाने में कहीं भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो बेतिया न्यायालय में भाई की पत्नी गुड्डी देवी और उनके परिजनों पर अपहरण व हत्या का मामला दर्ज कराया। 2016 से यह केस चल रहा है। बेतिया कोर्ट से किसी को भी इस मामले में राहत नहीं मिली। बाद में सभी नामजद आरोपितों ने पटना हाईकोर्ट से बेल लिया। अभी मामले की जांच चल रही थी कि राम बहादुर राव पांच साल बाद वापस आ गया।

राम बहादुर राव ने सुनाई आपबीती

पांच साल से गायब रामबहादुर राव जब अपने गांव कटहरी पहुंचा तो लोग देखकर उसे अचंभित रह गए। राम बहादुर को देखने के लिए घर पर लोगों का तांता लगने लगा। बताया कि गुजरात में वह एक धागा बनाने वाली कंपनी में काम करते थे। कंपनी से घर लौट रहे थे तभी एक्सीडेंट हो गया और वह बुरी तरह से घायल हो गए। बाद में कोमा में चले गए। साथ ही याददाश्त भी चली गई थी। दोस्त भी कोरोना की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

राव ने बताया कि जब उसकी याददाश्त वापस आई तो अपने परिवार वालों को खोजने की काफी कोशिश की। फिर जनवरी 2021 में फेसबुक पर उसके बेटे आकाश सिंह का नंबर मिला। नंबर पर अपने बेटे से संपर्क कर पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पत्नी गुड्डी देवी और बेटा आकाश सिंह मार्च में गुजरात पहुंचे। पत्नी गुड्डी देवी ने उन्हें बताया कि आपके भाई विकास कुमार द्वारा आपकी हत्या व अपहरण का मामला मेरे और मेरे परिजनों के ऊपर दर्ज कराया गया है। मामले में सभी बेल पर हैं। अब वो अपने घर पहुंचे तो गांववालों और साठी थानाध्यक्ष उदय कुमार के समक्ष अपनी बातें रखी है।

अब क्या करेगी पुलिस

मामले में बेतिया एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया- “साठी थाना में एक व्यक्ति के अपहरण व हत्या का मामला दर्ज था। व्यक्ति के बारे में बताया गया था कि अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई है। जब थाने को उसके लौटने की जानकारी मिली तो पुलिस ने बयान दर्ज किया है। अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.