पटना. बिहार में इन दिनों फिर से चुनाव की बयार बह रही है. बात चाहे पंचायत चुनाव की हो या फिर बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव की, हर कोई अपने तरीके से वोटरों को रिझाने की कोशिश कर रहा है. प्रचार के दौरान वोटरों को रिझाने की कोशिश में सत्ता पक्षा हो या विपक्ष सभी पूरी रफ्तार में हैं.
वोट मांगने के दौरान एक ऐसा ही अनोखा वीडियो तेजस्वी यादव का भी आया है जिसमें वो किसी मंजे हुए खिलाड़ी की तरह फिशिंग में भी हाथ आजमा रहे हैं, और वो भी बच्चों के साथ गंवई अंदाज में. आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की तरह ही उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी इस वीडियो में दिख रहे हैं. बिहार के मुंगेर में तीन दिन के दौरे पर पहुंचे तेजस्वी अपने पिता लालू यादव की तरह वोटरों को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं. वो चुनाव प्रचार तो कर ही रहे हैं लोगों से संवाद करना भी नहीं भूल रहे.
सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान ही तेजस्वी नहर में बंसी से मछली मारते दिखे. गांव के बच्चों को मछली मारता देख तेजस्वी खुद को रोक नहीं पाए और बीच रास्ते में अपना काफिला रोक कर उन बच्चों के साथ बंसी लेकर मछली पकड़ने लगे. इस दौरान तेजस्वी के कांटे में एक मछली भी फंसी. तेजस्वी यादव का मछली पकड़ने का यह अंदाज लोगों को पसंद आ रहा है. फिशिंग का ये वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.


बच्चों के साथ मछुआरा बने तेजस्वी का परिचय वहां मौजूद एक नेता बच्चों से कराता है और कहता है कि ये तेजस्वी यादव हैं. तेजस्वी को यूं बंसी से मछली पकड़ते देख वहां स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया. इस दौरान जब तेजस्वी की बंसी में एक मछली फंसी तो वहां ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ के नारे लगने लगे.

लालू परिवार में उनके बड़े बेटे तेजप्रताप यादव भी अपने पिता की राह चलने की कोशिश करते हैं खास कर चुनाव प्रचार में. तेजप्रताप यादव कभी किसी गरीब के घर सत्तू खाते दिखते हैं तो कहीं खुले में हैंडपंप पर नहाते हुए भी. लालू की तरह ही नई पीढ़ी में उनका परिवार भी जनता से जुड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता.




Leave a Reply