गया जिले के वजीरगंज के जमुआवां गांव में विनय कुमार वर्मा के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली तीसरे तल्ले पर गिरी। इससे छत की रेलिंग टूट कर दस मीटर दूर नीचे गिर गई। वहीं घर के बिजली के सारे उपकरण फूंक गए। यहां तक कि घर में लगे बल्ब भी तेज आवाज के साथ ब्लास्ट कर गए। इसके अलावा पड़ोस के दो घरों के बिजली उपकरण को भी आकाशीय बिजली ने प्रभावित कर दिया।
छत और घर का हाल देख लोग हैरान
रविवार की शाम अचानक से मौसम में बदलाव आया। साथ ही करीब पांच से सात मिनट तक बारिश हुई। इसी बीच जबरदस्त आवाज के साथ विनय कुमार वर्मा के घर पर बिजली गिर गई। जिस समय बिजली गिरी, उस समय विनय अपने पंचायत में खुद का प्रचार कर रहे थे। वह पंचायत समिति सदस्य के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। घर के ऊपर बिजली गिरने की सूचना पर वह प्रचार का काम छोड़ कर गांव पहुंचे। छत और घर का हाल देख वह दंग रह गए।


कोई हताहत नहीं हुआ
हालांकि, इस हादसे में एक भी व्यक्ति को किसी प्रकार का शारीरिक नुकसान नहीं उठाना पड़ा। घर के सभी सदस्य ग्राउंड प्लोर में थे। यही वजह रही किसी प्रकार का कोई हताहत नहीं हुआ। घर पर बिजली गिरने से पूरे घर की वायरिंग फूंक गई है। बिजली के तार आपस में जल कर काले पड़ गए हैं।

वहीं टीवी, फ्रिज, कूलर व अन्य बिजली उपकरण भी फूंक गए। विनय कुमार वर्मा ने बताया कि पड़ोस के योगेंद्र व एक और व्यक्ति के घर पर भी आकाशीय बिजली का असर पड़ा है। उनके घरों की वायरिंग भी जल गया है। कुछ उपकरण भी फूंक गए हैं।




Leave a Reply