लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने सोमवार को पटना के गांधी मैदान पहुंचकर जेपी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे नंगे पांव जेपी आवास चरखा समिति तक जाने के लिए निकल चुके हैं। अपनी यात्रा के दौरान तेजप्रताप ने कहा कि जिस तरह हमारे पिताजी ने छात्र आन्दोलन में जेपी का साथ दिया था, हम भी उनके साथ खड़े है। साथ ही कहा कि बिहार में शिक्षा, रोजगार के मुद्दे पर हम छात्रों को एकजुट करेंगे। तेजप्रताप ने पार्टी के ऊपर सवाल पूछे जाने पर कहा कि छात्र और जनता ही मेरी पार्टी है।
बता दें कि सुबह 12 बजे से ये कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान तेजप्रताप यादव के संगठन छात्र जनशक्ति परिषद की ओर से सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वहीं उनके साथ बिहार के विभिन्न जिलों से परिषद के सदस्य इसमें भाग लेने आ रहे है।

जयप्रकाश नारायण की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचा मकसद
छात्र जनशक्ति परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत प्रताप यादव ने भास्कर को बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति ली गई है। पदयात्रा में हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। मकसद यह है कि जयप्रकाश नारायण की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

हाथ में छात्र जनशक्ति परिषद का झंडा भी होगा
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चरखा समिति में तेजप्रताप यादव परिचर्चा भी करेंगे। गांधी मैदान से एग्जीबिशन रोड होते हुए, भट्टाचार्या रोड, पीरमुहानी होकर कांग्रेस मैदान होते हुए चरखा समिति जाएंगे। यही रूट चार्ट है। छात्र जनशक्ति परिषद के सदस्य परिषद का झंडा लेकर पैदल मार्च में शामिल होंगे।




Leave a Reply