दिल्ली से छपरा आनेवाली लोकनायक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 05116 सोमवार को द बर्निंग ट्रेन होने से बच गई। ट्रेन की कोच संख्या D-04 में अचानक आग लग गई। इसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है।
सभी अधिकारियों को किया गया अलर्ट
लोकनायक एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से छपरा पहुंचने वाली थी। इसी बीच सुरेमनपुर-गौतमस्थान के मध्य अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना पर रेल प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया और छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 03 पर आगमन के साथ ही स्टेशन डायरेक्टर, स्टेशन सुपरिटेंडेंट, आरपीएफ, सीआईबी, कैरेज व ट्रेन लाइटिंग सहित अनेक पदाधिकारी उक्त प्लेटफार्म पर पहुंचे और सभी को अलर्ट कर दिया गया। इस दौरान उक्त ट्रेन के कोच संख्या 05405/C (डी 4) के सामने गाड़ी में तैनात आरपीएफ स्कॉर्ट पार्टी मौजूद मिली।

आग पर पाया गया काबू
कोच को चेक करने पर पिछले शौचालय के मध्य में ऊपर बनी लाइट का पॉइंट शॉट सर्किट से जला मिला। चलती ट्रेन में ही आग पर काबू पा लिया गया था। कोच के यात्रियों को बताया गया कि गाड़ी के मांझी स्टेशन से पास करने के बाद अचानक अपने आप शॉट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। सिर्फ बल्ब का पॉइंट जला पाया गया। कोई अन्य अप्रिय घटना नहीं घटित हुई। किसी प्रकार की जान- माल या यात्री सामान का नुकसान भी नहीं हुआ है।





Leave a Reply