कोरोना जैसी विश्वव्यापी महामारी को नियंत्रित करने में बिहार ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। मंगलवार की देर शाम आई कोरोना जांच रिपोर्ट के अनुसार बिहार में कोरोना संक्रमण का एक भी नया केस नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक रिपोर्ट पाजिटिव आई है, मगर वह सैंपल अन्य राज्य से आए व्यक्ति से लिया गया था। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने बताया कि अन्य राज्य के जिस व्यक्ति का सैंपल पाजिटिव पाया गया है वह पटना में संग्रहित किया गया था। वह व्यक्ति असम का रहने वाला है। पटना आने के बाद इस व्यक्ति का सैंपल लिया गया था। जो जांच में पाजिटिव पाया गया है। हालांकि गोपालगंज में मिले नए मरीजों के आंकड़े से स्वास्थ्य विभाग के दावे पर सवाल भी खड़ा हो रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि पिछले दिनों की जांच और संक्रमितों के आंकड़े बताते हैं कि कोरोना संक्रमण सीमित हो चुका है। हालांकि उन्होंने कहा कि चुनौती अभी समाप्त नहीं हुई है। कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाना आवश्यक है। बता दें कि राज्य में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 22 मार्च 2020 को पटना में मिला था। पिछले कुछ महीनों के दौरान यह पहला दिन है कि जब बिहार से किसी की रिपोर्ट पाजिटिव नहीं आई है। इससे पहले सोमवार को तीन लोगों के सैंपल पाजिटिव पाए गए थे। इनमें एक बेगूसराय, एक भोजपुर व एक दरभंगा का मामला था। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार से मंगलवार के बीच 1.44 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। राज्य में अब एक्टिव केस घटकर 52 रह गए हैं। बीते 24 घंटे में पूर्व से संक्रमित रहे पांच लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है।



गोपालगंज में स्कूली छात्रा सहित आठ मिले कोरोना पाजिटिव
गोपालगंज जिले में मंगलवार को स्कूली छात्रा सहित आठ लोग कोरोना संक्रमित मिले। सोमवार को तीन लोग पाजिटिव मिले थे। संक्रमित लोगों की स्थिति सामान्य होने के कारण उन्हें होम आइसोलेशन में रखने का निर्देश दिया गया है। जिले में कोविड के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 13 तक पहुंच गई है। कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद हथुआ स्थित कोविड केयर सेंटर को दोबारा चालू कर दिया गया।

2.20 लाख को लगे कोविड के टीके
बिहार में मंगलवार को 2.20 लाख लोगों को कोविड के टीके दिए गए। कोविन पोर्टल से रात 10 बजे तक अपलोड आंकड़ों के अनुसार बिहार में मंगलवार को टीकाकरण के लिए 5877 केंद्र सक्रिय किए गए थे जहां टीकाकरण किया गया। प्रदेश में अब तक 5.40 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया है। 4.33 करोड़ लोगों को एक डोज, जबकि 1.06 करोड़ लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी है।




Leave a Reply