BIHARBreaking NewsSTATE

छात्र जनशक्ति परिषद का नया चिह्न बांसुरी, पहले हाथ में लालटेन को बनाया था चिन्ह

छात्र जनशक्ति परिषद् ने अपना नया चिह्न बांसुरी को बनाया है। इससे पहले हाथ में लिए लालटेन को परिषद ने अपना चिह्न बनाया था। इस पर विवाद हो गया था। राजद का चिह्न लालटेन पहले से ही है। लालू प्रसाद के निर्देश पर छात्र जनशक्ति परिषद ने लालटेन चिह्न को छोड़ दिया था। छात्र जनशक्ति परिषद् ने अपने पैड पर राजद शब्द भी लिखा था। अब उसे भी पैड पर से हटा दिया गया।

तेजप्रताप और बांसुरी

छात्र जनशक्ति परिषद् का नया चिह्न बांसुरी तब पहली बार दिखा, जब परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने झारखंड के लिए प्रदेश अध्यक्ष संजय टाइगर को चुना। उनका स्वागत किया गया। तेजप्रताप के पीछे की तरफ दीवार पर टंगे छात्र जनशक्ति परिषद के बैनर पर बांसुरी का चिह्न दिखा। परिषद के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी बबलू सम्राट ने कहा कि तेजप्रताप यादव कृष्ण के अनुयायी हैं। इसलिए बांसुरी को चिह्न बनाया गया है।

बांसुरी बजाते तेज प्रताप यादव।

बांसुरी बजाते तेज प्रताप यादव।

तेजप्रताप बांसुरी बजाना भी खूब जानते हैं

तेजप्रताप यादव बांसुरी बजाना भी खूब जानते हैं। वे कई बार बांसुरी बजाते देखे गए। वे खुद को कृष्ण और छोटे भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन कहते रहे हैं। हालांकि कुछ दिन पहले उन्होंने अपने ट्विटर वॉल से सारथी कृष्ण और धनुर्धर अर्जुन की तस्वीर हटाकर जयप्रकाश नारायण की तस्वीर लगा दी थी। वे राजद की ओर से आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में भी भाग लेने नहीं आए।

छात्र जनशक्ति परिषद का गठन तेजप्रताप यादव ने तब किया था, जब उनसे बिना पूछे छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष को हटाकर गगन कुमार को नया अध्यक्ष बना दिया गया था। तेजप्रताप यादव को बांसुरी बजाने की टिप्स देने वाले विष्णु थापा बताते हैं कि बांसुरी बजाना सीखने के लिए तेजप्रताप यादव ने काफी मेहनत की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.