लालू यादव के बड़े लाल तेजप्रताप यादव ने नया संगठन छात्र जनशक्ति परिषद् बनाया है। बुधवार को इसका चिह्न भी पैड पर जारी कर दिया था। बताया गया कि ‘हाथ में लालटेन’ चिह्न है। पैड पर राजद भी लिखा गया था। इस खबर को सबसे पहले भास्कर सामने लाया। लेकिन अब परिषद् के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी डॉ. सुमन्त राव उर्फ बबलू सम्राट ने भास्कर को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने निर्देश दिया है कि राजद शब्द और लालटेन चिह्न का इस्तेमाल नहीं करना है। तेजप्रताप यादव की बातचीत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से भी इस बारे में हुई है।



छात्र जनशक्ति परिषद ऐसे किसी विवाद से बचना चाहता है, जिससे भ्रम की स्थिति हो और कार्यकर्ता सहित आम लोगों के बीच ठीक संदेश नहीं जाए। लालटेन, राष्ट्रीय जनता दल का चुनाव चिह्न है और छात्र राजद ने हाथ में लालटेन को अपना चिह्न बना लिया था। भास्कर की खबर के बाद इस पर विवाद गहराया तो परिषद ने तय किया कि वह अपने पैड पर लालटेन का इस्तेमाल नहीं करेगी और न ही ब्रैकेट में राजद लिखेगी।

छात्र राजद की कमान हाथ से छीने जाने के बाद तेजप्रताप यादव ने परिषद का गठन किया था। लोगों की उत्सुकता थी कि परिषद्, राजद का ही विंग होगा या अलग होगा? लेकिन अब परिषद् हाथ में लालटेन चिह्न और राजद शब्द का इस्तेमाल पैड पर नहीं करेगा, यानी साफ है तेजप्रताप की राह अलग होने जा रही है।

बबलू सम्राट ने कहा कि इस बात पर परिषद् अभी भी अडिग है कि हम राजद को मजबूती देंगे। तेजप्रताप यादव ने भी कहा था कि छात्र जनशक्ति परिषद्, राजद की बैकबोन होगी। छात्र जनशक्ति परिषद् का चिह्न क्या होगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि आगे होने वाली बैठक में छात्र जनशक्ति परिषद् का चिह्न पर विमर्श होगा।




Leave a Reply