BIHARBreaking NewsSTATE

रामविलास पासवान की बरसी पर नहीं आए CM नीतीश, चिराग बोले- ऐसे मौके पर 2 मिनट के लिए आते तो बहुत अच्छा होता

रामविलास पासवान की पहली बरसी पर उन्हें श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं पहुंचे। चिराग पासवान की तरफ से भेजे गए निमंत्रण को भी मुख्यमंत्री ने स्वीकार नहीं किया। नीतीश कुमार और चिराग पासवान के बीच चल रही राजनीतिक लड़ाई का असर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की बरसी पर भी दिखा। यही वजह है कि मुख्यमंत्री न तो खुद आए और न ही अपने किसी प्रतिनिधि को भेजा।

पटना में श्रीकृष्णा पुरी इलाके में उनके घर पर बरसी की पूजा संपन्न हुई। जिसके बाद चिराग पासवान श्रद्धांजलि सभा वाली जगह पर आए और मीडिया से मुखातिब हुए। मुख्यमंत्री के आने को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सीएम को निमंत्रण भिजवाया था। मैंने अपनी तरफ से बहुत कोशिश की थी कि वो आएं। कल मेरे साथी गए थे उनसे मिलने, पर वो मिले नहीं। हमारा निमंत्रण भी स्वीकार नहीं किया। कुछ ऐसे लम्हें होते हैं, जो राजनीति से उपर होते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे नेता व पिता के समकक्ष रहे हैं। ऐसे मौके पर वो दो मिनट के लिए आते तो बहुत अच्छा होता।

वहीं विभाजित लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष व चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज अपने चाचा के बरसी पर शाम 5 बजे तक नहीं पहुंचे हैं। प्रिंस राज समस्तीपुर से सांसद भी हैं। प्रिंस के बड़े भाई कृष्‍ण राज भी इस मौके पर नहीं पहुंचे। दोनों भाई लेह लद्दाख में हैं। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर इनका फोटो भी वायरल हुआ था।

रामविलास को श्रद्धांजलि देते समर्थक।

रामविलास को श्रद्धांजलि देते समर्थक।

भावुक दिन है हमारे लिए

चिराग पासवान ने कहा कि हमारे नेता व पिता से जनता बहुत प्यार करती है। जो आज दिख रहा है। वहीं प्यार हमारे नेता ने जनता, कार्यकर्ता, बिहार वासियों को दिया है। यहीं वजह है कि आज उनकी बरसी पर जनसैलाब उमड़ कर आया है। यह दिखाता है कि हमारे नेता को लोग कितना प्यार करते हैं। आज हर व्यक्ति की आंखें नम है। आज करीब एक साल होने को है। हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। हमारे लिए एक भावुक दिन और पल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं अपना संदेश भेजा है। प्रधानमंत्री उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं। उन्हें अपना दोस्त बता रहे हैं। एक-एक करके तमाम नेता आ रहे हैं। धन्यवाद राज्यपाल फागू सिंह चौहान का, वो आए परिवार के हर एक सदस्य से मिले। अपना समय दिया। कई सांसद, विधायक, पार्षद आ चुके हैं। अपने और परिवार की तरफ से सभी का सम्मान करता हूं। उन्हें धन्यवाद देता हूं।

तेजस्वी यादव भी पहुंचे
बरसी पर रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देने के लिए दोपहर से लेकर अब तक में कई राजनीतिक पार्टियों के नेता आ चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी श्रद्धांजलि देने पहुंचें। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, जबकि, वर्तमान डिप्टी सीएम व भाजपा नेता रेणू देवी, मंत्री श्रेयषी सिंह, मंत्री मंगल पांडेय, राजद नेता श्याम रजक, अब्दुलबारी सिद्दकी, भाजपा नेता व पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा सहित कई नेता आए और उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.