मुजफ्फरपुर जिले में ट्रकों से ईंधन चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया। एक सप्ताह के भीतर आधा दर्जन से अधिक ट्रकों में से ईंधन चोरी कर लिया गया। यह गिरोह हथियार लेकर घूमता है। अगर किसी ने पकड़ने की कोशिश की तो गोली भी मार सकता है। इस गिरोह के कारण पेट्रोल पंप वाले कर्मियों के बीच दहशत का माहौल है। मामला मुज़फ्फरपुर-दरभंगा NH57 स्थित गायघाट थाना क्षेत्र के जारंग चौक स्थित एक पेट्रोल पंप का है।

रविवार की देर रात शातिरों ने खड़े ट्रक से तीन ड्राम भरकर ईंधन चोरी कर लिया। पंप कर्मी सोनू ने शोर मचाया तो एक शातिर ने हथियार दिखाकर उसे पास आने का इशारा किया। पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। हथियार देखकर कर्मी डर गया और चुपचाप अंदर छुप गया। ईंधन चोरी करने के बाद सभी बदमाश भाग निकले।

सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पूरी घटना की करतूत CCTV में कैद मिली। इसमें दिखा की आधा दर्जन शातिर किस तरह ईंधन की चोरी कर रहे हैं। थानेदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर शातिरों की पहचान की जा रही है।
एक सप्ताह से मचा रहा उत्पात

पंप प्रबंधक मुरारी ठाकुर ने बताया कि ये गिरोह एक सप्ताह से इलाके में उत्पात मचा रहा है। पहले पम्प के बाहर खड़े ट्रकों से ईंधन चोरी करता है। अब पंप पर खड़े वाहनों को निशाना बना रहा है। इससे दहशत का माहौल व्याप्त है। कर्मी भी काफी डरे हुए हैं। पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
ग्राहक बनकर आया था

प्रबंधक ने बताया कि रात को एक शातिर ग्राहक बनकर आया। कर्मी सोनू से कहा कि डीजल लेना है। पांच हज़ार ऑनलाइन पेमेंट करेगा। इसमे से तीन हज़ार का डीज़ल लेगा और दो हज़ार रुपये कैश चाहिय। कर्मी सोनू तैयार हो गया। शातिर ने अपने वाहन में तीन हज़ार का डीज़ल लिया। दो हज़ार कैश लेने के बाद पम्प परिसर में ही वाहन लगाकर रुक गया। कहा कि कुछ देर रुकेगा। सोनू ने कहा कि पम्प के बाहर वाहन लगा ले। रात को ट्रक वाले तेल लेने आएंगे तो दिक्कत होगी। शातिर ने पंप के बाहर वाहन खड़ा किया।
नींद खुली तो देखा कर रहा था चोरी
सोनू को कुछ देर बाद नींद आ गयी। वह सोने लगा। करीब एक घन्टे बाद उसकी नींद खुली तो देखा कि पंप पर खड़े ट्रक के टैंक में पाइप डालकर तेल चोरी कर रहा है। उसने शोर मचाया तो गोली मारने की धमकी दी।



Leave a Reply