बिहार के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज केंद्रीय टीम बिहार आ रही है। 6 सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आर के सिंह करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न मंत्रालयों के पांच और अधिकारी भी इस केन्द्रीय टीम हिस्सा होंगे। राज्य में बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने केंद्रीय टीम आज बिहार आएगी। टीम बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगी।

केंद्रीय टीम राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगी। यह बैठक आज सुबह 12 बजे से स्टेट गेस्ट हाउस में होगी। बैठक में केंद्र सरकार के मंत्रालयों के रीजनल अधिकारी, केंद्रीय जल आयोग के निदेशक निगरानी संजीव सुमन और सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्रालय के अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार लाल भी शामिल होंगे। यह टीम दो दिनों तक बिहार में रहेगी।



अभी भी राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में
बिहार के 26 जिलों में इसबार बाढ़ का प्रकोप दिखा है। अभी भी राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में अबतक 53 लोगों की बाढ से मौत हो चुकी है। केंद्रीय टीम से पहले बिहार सरकार ने भी बिहार को बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करवाया है। राज्य के कृषि विभाग के मुताबिक लगभग चार हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए लगातार कई हवाई सर्वेक्षण किए हैं।

कई नदियों का जलस्तर बढा
नेपाल में हो रही बारिश के कारण बिहार की कई नदियों का जलस्तर एकबार फिर बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर जल संसाधन विभाग ने उत्तर बिहार के सभी जिलों को हाई अलर्ट कर दिया है। मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, वैशाली, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में तटबंधों की निगरानी का आदेश दिया गया है। भागलपुर और मुंगेर में गंगा का जलस्तर भी बढ़ रहा है। गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, कमला बलान, गंगा, महानंदा नदी सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।




Leave a Reply