मुजफ्फरपुर जिले में ITI परीक्षा के खत्म होने के बाद रविवार शाम को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हजारों की तादाद में परीक्षार्थियों की भीड़ जुट गई। एक बार में जंक्शन पर हजारों की संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने पर अफरातफरी की स्थिति बन गई, जिसके बाद देर रात तक परीक्षार्थी उत्पात मचाते रहे। वेंडरों से जमकर कहासुनी की। वेंडरों के विरोध करने पर लूटपाट भी की गई। इसके बाद परीक्षार्थियों ने कई ट्रेनों में सीट को लेकर यात्रियों से मारपीट भी की।



प्लेटफॉर्म और रेल पटरी पर छात्रों की भीड़।
5 घंटे तक उत्पात
रविवार शाम से देर रात तक करीब 5 घंटे तक परीक्षार्थियों ने जंक्शन व ट्रेनों में उत्पात मचाते रहे। मौके पर पहुंची GRP व RPF की टीम ने किसी तरह स्तिथि को नियंत्रण में किया। रविवार की देर रात नरकटियागंज की ओर जाने वाली ट्रेन की गलत अनाउंसमेंट कर दी गई, जिसके बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई। परीक्षार्थियों में भगदड़ की स्थिति बनी रही, जिसके बाद जीआरपी की टीम ने पूछताछ कार्यालय के कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद देर रात 11 बजे नरकटियागंज जाने वाली ट्रेन का दोबारा अनाउंसमेंट किया गया। इसके बाद रेल पुलिस ने परीक्षार्थियों को बैठाना शुरू किया।

कांटी रेलखंड पर परीक्षार्थियों के दो गुट आपस मे भिड़े
मुजफ्फरपुर जंक्शन से ट्रेन के खुलने के बाद कांटी रेलखंड पर परीक्षार्थियों के दो गुट आपस मे भीड़ गए। इस दौरान ट्रेन के बोगी में भगदड़ की स्तिथि बन गई। अन्य परीक्षार्थियों की मदद से दोनों गुटों के छात्रों को किसी तरह अलग कराया गया। इधर, एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सीट को लेकर कई जगह परीक्षार्थियों व यात्रियों में नोकझोंक होती रही। बताया गया कि सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों व परीक्षार्थियों में जमकर विवाद शुरू हो गया। परीक्षार्थियों के तादाद ज्यादा होने पर यात्री दुबके रहे।
पाटलिपुत्र-रक्सौल इंटरसिटी में जमकर बवाल
जंक्शन पर पाटलिपुत्र-रक्सौल इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहुंचने पर जमकर बवाल शुरू हो गया। सैकड़ों की संख्या में छात्र गार्ड ब्रेक व इंजन पर चढ़ने लगे। जिसके बाद गार्ड ने ट्रेन चलवाने से इंकार कर दिया। सूचना पर पहुंची जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने किसी तरह हंगामा कर रहे छात्रों को समझाकर शांत कराया। फिर, इंजन व गार्ड ब्रेक में घुसे युवको को वहां से उतारा। तब जाकर ट्रेन को रवाना किया गया।




Comment here