BIHARBreaking NewsSTATE

पटना : अशोक राजपथ पर डबल डेकर एलिवेटेड रोड 2024 तक होगा तैयार

अशोक राजपथ पर डबल डेकर एलिवेटेड रोड का शिलान्यास शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। रोड का निर्माण कार्य तीन वर्षों तक चलेगा। अभी मिट्टी जांच हो रही है। मिट्‌टी जांच पूरी होने के बाद डिजायन फाइनल होगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही करगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक अशोक राजपथ को वन-वे किया जाएगा।

इस पर जिलाधिकारी के अध्यक्षता में ट्रैफिक एसपी और पुल निर्माण निगम के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस बैठक में अशोक राजपथ पथ को वन-वे करने करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत चिह्नित किए जाने वाले मार्ग पर सामान्य ट्रैफिक परिचालन के लिए ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारी के साथ महिला और पुरूष जवानों को प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने कहा कि डबल डेकर फ्लाईओवर सितंबर 2024 में बन कर तैयार हो जायेगा।

पहले तल से एनआईटी मोड़ की तरफ जाएंगे लोग
वहीं लोकनायक गंगा पथ से पीएमसीएच की कनेक्टिविटी का काम मार्च 2022 में पूरा हो जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि डबल डेकर फ्लाईओवर के पहले तल की लंबाई 1.50 किलोमीटर होगी जिससे लोग एनआईटी मोड़ की तरफ से गांधी मैदान की तरफ बीएन कॉलेज के सामने उतरेंगे।

ऊपरी यानी दूसरे तल की लंबाई 2.20 किलोमीटर होगी जिससे लोग गांधी मैदान से पीएमसीएच, पटना विश्वविद्यालय होते सायंस कॉलेज और एनआईटी मोड़ जाएंगे। दोनों लेन 2लेन चौड़ा होगा। फ्लाईओवर से पीएमसीएच परिसर में मरीज को पहुंचने के लिये चढ़ने और उतरने की सुविधा होगी। लोकनायक गंगा पथ से भी डबल डेकर फ्लाईओवर की कनेक्टिविटी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच के क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट और गंगा पथ से जोड़ने वाले रास्ते को देखा
पीएमसीएच में 20 हजार लीटर प्रति मिनट क्षमता वाले क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट का शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट से ऑक्सीजन सप्लाई की जानकारी ली। इस दौरान अधीक्षक डॉ. आईएस ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को इस क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया था।

इसके सात-आठ दिन बाद ही ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू हो गई थी। इस प्लांट से करीब दो सौ बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लोकनायक गंगा पथ से पीएमसीएच को जोड़ने के लिए कॉटेज ऑडिटोरियम के बगल की एरिया में बनने वाले रास्ता का भी निरीक्षण किया।

इससे पहले तक यहां गाड़ियों की पार्किंग होती थी। अक्षीक्षक ने कहा कि डबल डेकर एलिवेटेड रोड के बन जाने के बाद अब गांधी मैदान से पीएमसीएच आने में मरीजों को दिक्कत नहीं होगी। वे आसानी से और समय पर अस्पताल पहुंच सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.