BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुज़फ़्फ़रपुर में सवारियों से भरी नाव पलटी / नाविकों की सूझबूझ से सभी को बचाया गया

मुजफ्फरपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित मिठनसराय में सवारियों से भरी नाव बूढ़ी गंडक के पानी मे पलट गई। इस पर करीब 10 लोग सवार थे। सभी पानी मे डूब गए। नदी में मौजूद अन्य नाविकों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। नदी में डूब रहे सभी लोगों को सकुशल बचाकर बाहर निकाल दिया। घटना से घंटों तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नाव पर सवार लोगों ने नाविकों को तहेदिल से जान बचाने के लिए बधाई दी।
उफान पर है बूढ़ी गंडक

बता दें कि जिले में पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर उफान पर है। यह खतरे के निशान से ऊपर है। गुरुवार शाम 10 लोग नाव पर सवार होकर गांव जा रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज धार के बीच नाव पड़ गया। अचानक से यह नदी में पलट गई। सवारियों को सोचने समझने का मौका तक नहीं मिला। पानी गहरा होने के कारण लोग डूबने लगे। तभी अन्य नाविकों ने डूबते हुए लोगों की जान बचाई। जबकि नाव अबतक लापता है। उसकी खोजबीन जारी है।

सुबह एक महिला शिक्षक डूब गई थी
स्थानीय लोगों ने बताया कि आज सुबह गांव की एक महिला शिक्षक निधि कुमारी पढ़ाने जा रही थी। नाव पर चढ़ने के क्रम में पैर फिसलने से वह पानी में गिर गई। उन्हें भी नाविक और अन्य शिक्षकों ने पानी मे कूदकर बचाया। शिक्षक पवन कुमार ने उन्हें गंतव्य तक सही सलामत पहुंचाया। स्थानीय मुखिया मोहन झा ने बताया कि बाढ़ से करीब दो सौ घरों में पानी घुस गया है। लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। नाव के सहारे प्रतिदिन लोग जान जोखिम में डालकर अपने-अपने काम पर जा रहे हैं। यह काफी खतरनाक है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.