BIHARBreaking NewsSTATE

पटना एयरपोर्ट पर कोरोना जांच को लेकर सख्‍ती बढ़ी, 24 घंटे में प्रदेश में मिले 11 नए मरीज

पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों की रैंडम जांच की जा रही है।एयरपोर्ट के आगमन एरिया में स्वास्थ्य विभाग की टीम की तैनाती की गई है। पिछले दो दिनों से जांच की संख्या में बढ़ाेतरी की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी भी रैंडम जांच कर रही है। इस बीच बिहार में रविवार को 11 नये कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई। राज्य के 31 जिलों में एक भी नये संक्रमित नहीं मिले। मात्र सात जिलों में ही नये संक्रमित मिले।

प्रशासन तीसरी लहर को लेकर सतर्क है। एयरपोर्ट पर सख्‍ती के साथ ही बिहार से बाहर जा रहे यात्रियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे विभिन्न राज्यों में सफर करते समय वहां के कोरोना नियमों को जरूर जान लें। हर राज्य के अलग अलग नियम होने की वजह से यात्रियों में असमंजस की स्थिति रह रही है। कई बार विमानन कंपनी को निर्देश है कि वे उन यात्रियों को ही बोर्डिंग की इजाजत दें जो नियमों का शत प्रतिशत पालन कर रहे हैं।

महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों पर विशेष सख्ती है। परिसर में सामाजिक दूरी का पालन हो रहा है लेेकिन विमान में सीटों पर बुकिंग के दौरान इसका ध्यान नहीं रखा जा रहा है। बिना मास्क के यात्रियों को परिसर में आने जाने की इजाजत नहीं हैं।

31 जिलों में नहीं मिला एक भी मरीज

बिहार में 11 नये कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान रविवार को हुई। राज्य के 31 जिलों में एक भी नये संक्रमित नहीं मिले। मात्र सात जिलों में ही नये संक्रमित मिले। पटना में सर्वाधिक 3 नये संक्रमितों की पहचान हुई। जबकि मधेपुरा व पूर्णिया में 2-2, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, रोहतास व वैशाली में 1-1 नये संक्रमितों की पहचान हुई। पिछले 24 घंटे में राज्य में 1,67,207 सैंपल की कोरोना जांच की गयी और संक्रमण दर 0.00 फीसदी रही। इस दौरान 10 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो गए और स्वस्थ होने की दर 98.65 फीसदी रही। एक भी कोरोना संक्रमित मरीज की मौत इस दौरान नहीं हुई। राज्य में वर्तमान में कोरोना संक्रमित 112 मरीज इलाजरत है।

कोरोना की पहली व दूसरी लहर के दौरान राज्य में अबतक 7.25.694 कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है और इनमें से 7,15,928 इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक कोरोना संक्रमित 9653 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.