एसकेएमसीएच के मदर चाइल्ड हॉस्पिटल में रविवार की शाम शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देख पूरे वार्ड में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते धुआं पांचवीं मंजिल तक के सभी वार्डों में फैल गया। शोरगुल सुनकर पीआईसीयू वार्ड में भी अफरातफरी मच गई। डिलीवरी मरीज और बच्चों को लेकर परिजन वार्ड से बाहर भागने लगे। डिलीवरी टेबल पर लेटे आधा दर्जन से अधिक मरीजों की सांसें अटकी रहीं। नर्सिंग स्टाफ भी जान बचाने के लिए मरीज को टेबल पर छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ को देख कंट्रोल रूम से अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया।

सुरक्षाकर्मी और अस्पताल कर्मचारियों ने साहस दिखते हुए बिजली आपूर्ति ठप करके आग पर काबू पाया। एक घंटे से अधिक समय तक एमसीएच में बिजली आपूर्ति ठप रही। अत्याधुनिक तरीके से बने एमसीएच भवन में लगा अग्निरोधक यंत्र काम नहीं कर रहा है।
एमसीएच भवन के सीढ़ी के नीचे वायर में शॉर्ट सर्किट हो गया था। मरीज के परिजनों द्वारा अफवाह फैलाने पर भगदड़ मच गई। हालांकि, जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। कोई हताहत नहीं हुआ है। – संजय कुमार साह, अस्पताल प्रबंधक




Comment here