मुजफ्फरपुर में अब किसान से 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। तीन दिन पूर्व पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष रामाधार पांडेय से पांच लाख रंगदारी मांगी गई थी। इस घटना की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई थी तभी कांटी थाना क्षेत्र के साइन गांव के किसान सुरेंद्र पांडेय को कॉल कर दस लाख की रंगदारी मांगी गई। कॉल आने के बाद से वे और उनका परिवार दहशत में है। पीड़ित में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कांटी थाना में FIR दर्ज कराया है। थानेदार कुंदन कुमार ने बताया कि कॉल आये नम्बर का डिटेल्स खंगाला जा रहा है। इसके लिए सर्विलांस टीम से सम्पर्क किया गया है।

गाली देते हुए देने लगा धमकी
पीड़ित ने बताया कि उनके मोबाइल पर अनजान नम्बर से कॉल आया। कॉल रिसीव करते ही सामने से गाली गलौज करने लगा। नाम पूछने पर कहा कि 10 लाख रुपए रंगदारी पहुंचा दो। अन्यथा एकलौते पुत्र की हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद कॉल कट गया। किसान ने बताया कि उनका एक पुत्र है जो दूसरे प्रदेश में एक कंस्ट्रक्शन कम्पनी में सुपरवाजर है।

पांच लाख रंगदारी में खाली हाथ पुलिस
पेट्रोलियम एसोसिएशन अध्यक्ष रामाधार पांडेय से पांच लाख रंगदारी मांगने में कांटी पुलिस अब तक खाली है। कॉल करने वाले का कोई सुराग नहीं मिला है। इससे अध्यक्ष काफी डरे हुए हैं। बार-बार पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




Leave a Reply