BIHARBreaking NewsSTATE

मां ने जिसे मरा समझकर कर दिया था अंतिम संस्कार, वह चेन्नई में प्रेमी के साथ थी, वापस लौटकर बोली- मैं जिंदा हूं…

राजधानी पटना के गौरीचक थाना में गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक लड़की ने वहां पहुंच कर यह दावा किया कि मैं जीवित हूं। जबकि, उसके परिजनों ने उसे मृ’त समझ एक शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। दरअसल, लड़की अपने घर से डेढ माह पहले भाग गई थी। इसी बीच पुलिस को एक लड़की की लाश मिली। घर से भागी लड़की की मां ने श’व को अपनी बेटी के रूप में पहचान की और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, महिला की बेटी थाना पहुंची और पुलिस को बताया कि वो अपने प्रेमी के साथ चेन्नई में रह रही थी।

लड़की नाबालिग है। इससे कुछ दिन पहले लड़की FB पर लाइव आकर खुद के जीवित होने की बात बताई थी, तब परिजन नहीं माने थे। उधर, अब पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुट गई है कि वो किस लड़की का शव था, जिसका दाह-संस्कार किया गया।

बताते चलें कि लगभग डेढ माह पूर्व गौरीचक थाना की पुलिस ने अंधारी गांव के नजदीक एक गड्ढे से एक लड़की की अर्धनग्न अवस्था में लाश बरामद की गई थी। आशंका थी कि अपराधियों द्वारा दुष्कर्म के बाद लड़की की गला काट कर हत्या कर दी गई है। लड़की के चेहरे को भी पूरी तरह कुचल दिया गया था, जिससे उसकी पहचान में परेशानी हो रही थी। उस वक्त गौरीचक थाना प्रभारी लाल मुनी दुबे ने इससे ऑनर कीलिंग का मामला बताया था।

इधर, अंधारी गांव से ही गायब एक लड़की की मां ने शव को देखने के बाद उसे अपनी बेटी बताया और पोस्टमॉर्टम के बाद उसका दाह संस्कार कर दिया और ब्रह्मभोज भी गांव में संपन्न करा दी गई। महिला ने उस वक्त यह बताया था कि उसकी बेटी की हत्या गांव के ही कुछ युवकों ने गला काटकर कर दी थी। परिजनों ने भी पूरी तरह से इस बात का विश्वास कर लिया था कि अब उनकी बेटी इस दुनिया में नहीं रही, पर गुरुवार को लड़की के थाना पहुंचने पर सभी चौक पड़े।

आनन-फानन में थाना प्रभारी लाल मुनी दुबे ने लड़की की मां को थाने बुलाया। महिला थाना पहुंच अपनी बेटी को जिंदा देखकर कुछ देर के लिए उलझन में पड़ गई। लड़की ने बताया- ‘वह एक लड़के से प्यार करती है और वह उसी के साथ डेढ माह पूर्व चेन्नई चली गई थी।’

गौरीचक थाना प्रभारी लाल मुनी दुबे ने बताया कि लड़की गर्भवती है और शुक्रवार को उसका मेडिकल व 164 का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा। वहीं, अब पुलिस के सामने यह चुनौती आ गई अब उस लड़की के बारे में पता लगाए, जिसके शव का दाह संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.