BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में 4 करोड़ बैंकिंग फ्रॉड के बाद डरे हुए महसूस कर रहे हैं ग्राहक, हर दिन बैंक जाकर एकाउंट का ले रहे डिटेल्स

बिहार के सबसे बड़े बैंकिंग फ्रॉड के बाद PNB के ग्राहक भयभीत हैं। उन्हें अपने एकाउंट की सुरक्षा की चिंता दिन रात सता रही है। मामला उजागर होने के बाद सिर्फ गोबरसही साइंस कॉलेज स्थित PNB शाखा में ही नहीं, बल्कि सभी ब्रांच में ग्राहक अपने एकाउंट का अपडेट लेने पहुंच रहे हैं।

पासबुक अपडेट कराने के साथ बैंक अधिकारियों से सुरक्षा की गारंटी पूछ रहे हैं। ग्राहकों में एक अजीब डर का माहौल है। खासकर वैसे ग्राहक जो बुजुर्ग हैं, पेंशनर हैं। जिन्होंने जीवन भर की कमाई एकाउंट में जमा कर रखा है। वे लोग अधिक डरे हुए महसूस कर रहे हैं।

पेंशन की रकम को लेकर भी चिंतित

नाम न छापने की शर्त पर दो-तीन ग्राहकों ने बताया कि वे लोग रिटायर्ड हैं। पेंशन का पैसा इसी एकाउंट में आता है। इसके अलावा जो जमा पूंजी है, वह भी जमा है। अब डर सता रहा है कि कहीं उनके साथ भी फ्रॉड न हो जाये। इसलिए प्रतिदिन बैंक में जाकर अपने एकाउंट का पता करते हैं। कहते हैं, जब बैंक का स्टाफ ऐसा करने लगे तब तो किसी का रुपया सुरक्षित नहीं है।

लोग बैंक को ही सबसे सुरक्षित जगह मानकर अपनी मेहनत की कमाई जमा करते हैं, और एक झटके में सब खत्म हो जाता है। ग्राहकों के इस डर को दूर करने के लिए बैंक स्तर से सभी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही ग्राहकों का विश्वास जितने की भी कोशिश की जा रही है।

दूसरे बैंक में एकाउंट खोलने की कह रहे बात
शनिवार को बैंक पहुंचे एक रिटायर्ड प्रोफ़ेसर ने कहा कि फ्रॉड की जानकारी मिलने के बाद अब तक पांच बार बैंक आ चुके हैं। उनका भरोसा अब उठ चुका है। एकाउंट से पूरा पैसा निकालकर दूसरे बैंक में नया खाता खोलकर उसमे जमा करने की बात बोल रहे थे। उनके साथ- साथ कई और ग्राहक हैं जो एकाउंट बंद करने का सोच रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी ग्राहक द्वारा एकाउंट बंद कराने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, ग्राहकों के बीच जैसा माहौल है, उससे ऐसा लग रहा है कि जल्द ही साइंस कॉलेज स्थित PNB शाखा के ग्राहक कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं।

पुलिसकर्मी भी अपने एकाउंट की ले रहे जानकारी
इधर, पुलिसकर्मियों के बीच भी डर का माहौल बना हुआ है। वे भी अपने बैंक में जाकर एकाउंट की जानकारी और सुरक्षा की बिंदु पर अधिकारियों से बात कर रहे हैं। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि जैसे ही फ्रॉड का मामला उजागर हुआ और पता लगा कि किस तरह एक झटके में पूरे रुपए ये गिरोह एकाउंट से उड़ा ले रहा है। वे दंग रह गए। आननफानन में बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराया। बताया कि अभी बेटी की शादी करनी है। उसके लिए एकाउंट में रुपये जमा कर रखे हैं। अगर उनके साथ फ्रॉड हुआ तो कहीं के नहीं रहेंगे। हालांकि, अबतक उनके रुपये एकाउंट में सुरक्षित हैं।

मूवी देखकर आया था फ्रॉड का आइडिया
झारखंड के एक गांव जामतारा पर आधारित एक वेब सीरीज आयी थी। इसे नितेश ने देखा था। हालांकि, ये वेब सीरीज फिशिंग पर बनी थी। जिसमे कॉल कर खुद को बैंक का अधिकारों बताकर ग्राहकों से उसके एकाउंट की पूरी डिटेल्स लेकर रुपये उड़ा लिए जाते थे। वहीं से नितेश को ये आइडिया आया था। लेकिन, उसने फिशिंग के बदले इसी काम को करने का दूसरा और आसान रास्ता चुना।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.