BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में फिर एक्टिव हो गया मानसून:11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, गरज के साथ आकाशीय बिजली की चेतावनी

बिहार में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है। मानसून की ट्रफ रेखा का बिहार से संपर्क और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण मानूसन एक्टिव हो रहा है। पटना, नवादा और नालंदा से होकर गुजर रही ट्रफ रेखा का प्रभाव है।

इसके प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट किया गया है। बिहार के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट किया गया है और इन इलाकों में लोगों से विशेष सावधान रहने की अपील की गई है।

ऐसे बदल रहा है मौसम का सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक ट्रफ रेखा फिरोजपुर, रोहतक, आगरा, बांदा, डिहरी होते हुए अरुणाचल प्रदेश की ओर गुजर रही है। इस बीच बिहार के पटना और नवादा नालंदा का हिस्सा भी टच हो रहा है। मौसम के इस प्रभाव के साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र जो मध्य प्रदेश और उसके आस पास के क्षेत्रों में दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बना था वह अब पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस पास बन रहा है। इससे बिहार में के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज व आकाशीय बिजली का खतरा होगा। उत्तर बिहार में इसका बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है।

11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने वैसे तो राज्य के सभी जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी दी है लेकिन विशेष रूप से गया, पूर्वी-पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज, भभुआ, रोहतास, अररिया, जहानाबाद, औरंगाबाद, वैशाली, पूर्णिया सहित 11 जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत तेज गरज के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से बिहार में प्रवेश करने वाली निम्न हवा के दबाव के प्रभाव से बिहार में बारिश का सिस्टम एक्टिव है। इसी के साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी बिहार के साथ ही हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर रही है। जिसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश जिलों में 5 से 28 एमएम तक बारिश अनुमान है।

बारिश ने गिराया पारा, उमस भरी गर्मी से राहत

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण बिहार में पारा 2 से 7 डिग्री सेल्सियस गिरा है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में चार दिनों से मानसून लगातार सक्रिय है। इस दौरान प्रदेश के सभी हिस्से में औसतन 33.2 एमएम बारिश हुई। 24 घंटे में 16.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान 32.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। रविवार की देर रात दो घंटे के दौरान ही 20 एमएम बारिश हुई है।

बारिश और तेज हवा की वजह से बिहार के सभी हिस्से में दिन का पारा तीन दिनों के अंदर 2 से 7 डिग्री सेल्सियस गिरा है। रात में भी तापमान में दो डिग्री की कमी हुई है। पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहे। मंगलवार को पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तामपान 26 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.