BIHARBreaking NewsSTATE

लालू प्रसाद के दिल में हैं नीतीश कुमार, शरद यादव से मुलाकात के बाद ये बोले राजद सुप्रीमो

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) मंगलवार को दिल्‍ली में शरद यादव (Sharad Yadav) से मिलने पहुंचे। उनका कुशलक्षेम जानने के बाद वे मीडिया से पुराने अंदाज में मिले। इस दौरान उन्‍होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के संबंध में पूछने पर कहा कि हम सब साथ रहे हैं। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि रिश्‍ते बनते-बिगड़ते रहते हैं। राजद सुप्रीमो ने कहा कि वे चाहेंगे कि चिराग पासवान और तेजस्‍वी एक साथ आएं। 

बिहार में तो बन ही गई थी हमारी सरकार 

शरद यादव से मुलाकात के बाद लालू प्रसाद ने कहा कि उनके बीमार होने से और सांसद नहीं होने से संसद में जैसे सन्‍नाटा पसर गया है। मुलायम सिंह, शरद जी और उन्‍होंने मिलकर कई मुद्दों पर काफी संघर्ष किया है। उन्‍होंने कहा कि जनता पार्टी परिवार को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है। पेगासस जासूसी मुद्दे पर उन्‍होंने कहा कि मामला सामने आना चाहिए। लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार में हमारी सरकार तो बन ही गई थी। अकेले तेजस्‍वी ने फाइट किया, लेकिन दस-पंद्रह वोट से बेइमानी करके हमारे उम्‍मीदवारों को हरा दिया गया। 

राजनीति में रिश्‍ते बनते-बि‍गड़ते रहते है

यह पूछे जाने पर कि क्‍या नीतीश कुमार के प्रति उनके दिल में जगह है। उन्‍होंने कहा कि जगह क्‍या होता है। जगह तो लोग बनाता है, बिगड़ते रहता है। हम साथ में रहे हैं। हालांकि साथ आने की  बात पर उन्‍होंने कुछ भी कहने से इन्‍कार किया। उन्‍होंने तीसरा मोर्चा की कवायद पर कहा कि यह तो होना ही चाहिए। विकल्‍प तो होना चाहिए। 

चाहे जो भी हुआ, चिराग तो बन गए लीडर 

उन्‍होंने कहा कि चाहे जो भी हेरफेर हुआ लेकिन चिराग पासवान तो लीडर बन गए। सबलोग गोलबंद हो गए लेकिन चिराग लीडर बन गए। उन्‍होंने कहा कि वे चाहेंगे कि चिराग पासवान और तेजस्‍वी यादव एक साथ आएं। बता दें कि एक दिन पहले लालू प्रसाद ने सपा नेता मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी। जातीय जनगणना पर भी  उन्‍होंने अपनी बात रखी। लालू की इस सक्रियता से बिहार की सियासत गरमा जरूर गई है। 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.