BIHARBreaking NewsSTATE

छपरा के BDO को पटना में डॉक्टर ने लगवा दिया एक्सपायर्ड इंजेक्शन, हालत बिगड़ी तो हुआ खुलासा

पटना. बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना से है, जहां पॉश इलाके बोरिंग रोड में एक बड़े सर्जन के यहां मरीजों को एक्सपायर्ड इंजेक्शन (Expire Injection) और दवा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामले का खुलासा तब हुआ जब सारण जिले के दिघवारा प्रखंड के बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) अजीत कुमार डॉक्टर से दिखाने पहुंचे. पेट दर्द की शिकायत को देखते हुए डॉक्टर ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को इंजेक्शन लगाने को कहा. अजित कुमार ने डॉक्टर के क्लीनिक में चल रहे मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन खरीदा और फिर डॉक्टर के कंपाउंडर से इंजेक्शन ले भी लिया. इंजेक्शन लेने के बाद बीडीओ की हालत बिगड़ने लगी.

जब इंजेक्शन के डब्बे पर देखा गया तो बीडीओ के परिजनों के होश उड़ गए. इंजेक्शन एक्स्पायर्ड था. इस बात की जानकारी तत्काल पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी उपेंद्र शर्मा को दी गई. पुलिस ने तत्काल क्लीनिक में छापेमारी की. जब ड्रग्स डिपार्टमेंट की टीम वहां पहुंची तो मौके से और भी दूसरी दवाइयां और इंजेक्शन एक्सपायरी डेट के जब्‍त किए गए. इस पूरे खुलासे से पटना जिला प्रशासन और ड्रग्स डिपार्टमेंट में खलबली मच गई है.

फिलहाल पूरे मामले को लेकर एसके पुरी थाने में केस दर्ज कराया गया है. ड्रग डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि इस पूरे मामले में डॉक्‍टर भी बराबर से जिम्मेवार हैं. इस खुलासे के बाद पटना के जिलाधिकारी ने ड्रग डिपार्टमेंट की टीम को राजधानी में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर दवाओं की जांच करने का निर्देश दिया है, ताकि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने के नापाक धंधे पर रोक लगाई जा सके.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.