मुजफ्फरपुर : शहर में सोमवार को जाम की समस्या से लोग जूझते रहे. लोग सड़कों पर निकले और जाम में फंस गए. इससे बचने के लिए जब गलियों से निकलना चाहा तो वहां भी जाम से सामना करना पड़ा. वहीं कई अधिकारियों को भी जाम से परेशानी हुई. तिरहुत कमिश्नरी के आयुक्त भी आज जाम में फंस गए.
जानकारी के अनुसार, तिरहुत कमिश्नरी के आयुक्त अपने कार्यालय से निकल ही रहे थे कि जाम में फंस गए. आनन-फानन में स्कॉर्ट टीम जुट गई. लेकिन उन्हें भी जाम में निकलने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी. इसके बाद स्कॉर्ट कर रही पुलिस को सफलता मिली. दूसरी ओर, मोतीझील व स्टेशन रोड में भारी जलजमाव के बीच जाम में लोग घंटों फंसे रहे.

मोतीझील में लगभग घुटने पर पानी में फंसे लोग बिलबिलाते रहे. वहां से निकलने का कोई रास्ता ही नहीं था. ऊंचाईकरण के बाद जवाहरलाल रोड में पानी तो नहीं लगा था, लेकिन कल्याणी चौक के निकट सड़क किनारे सजी सब्जी की दुकानें व नाला निर्माण के कारण देर शाम तक भीषण जाम लगा रहा. जाम की ऐसी स्थिति थी कि कोई अघोरिया बाजार में फंसा था तो कोई डीएम आवास के पास. इमलीचट्टी से जूरन छपरा, सरैयागंज, मोतीझील लक्ष्मी चौक व जीरोमाइल रोड तक लगे जाम में फंसे लोग छटपटाते रहे. स्थिति ऐसाी हो गई थी कि वे न आगे जा सकते थे और न ही पीछे जा सकते थे.

Input : LiveCities



Leave a Reply