नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस (Covid-19 India) के मामलों की रफ्तार में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है. केरल में अनियंत्रित स्थिति के चलते मामलों में बढ़ोतरी हो रही है और तीसरी लहर की आशंका जाहिर की जा रही है. देश में इस बीच लगातार छठे दिन 40 हजार से ज्यादा कोरोना केस रिकॉर्ड किए गए. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आकंड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के 40,134 नए मामले सामने आए, वहीं इस दौरान 422 लोगों की मौ’त हो गई. इसके साथ ही इस दौरान 36,946 लोगों कोविड-19 संक्रमण को मात दी
ताज़ा आकंड़ों के मुताबिक, देश में फिलहाल 4,13,718 एक्टिव केस है, जबकि 3,08,57,467 लोग इस संक्रमण से उबर चुके हैं और 4,24,773 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है. इस बीच बीते 24 घंटे में एक्टिव मामलों की संख्या 2766 बढ़ी. नए आंकड़ों के बाद देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 3,16.95,958 हो गए हैं. वहीं टीकाकरण के मोर्चे पर बात करें तो देशभर में लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की अब तक 47,22,23,639 करोड़ से अधिक खुराक दी गई हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटे में सिर्फ 17,06,598 खुराक दी गईं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अब भी कोविड रोधी टीके की तीन करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं. राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को सभी स्रोतों से अभी तक 49,49,89,550 खुराक उपलब्ध कराई गई हैं तथा उन्हें अभी 8,04,220 खुराक और भेजने की प्रक्रिया जारी है.इसके साथ ही ICMR ने बताया कि देश में रविवार को 14, 28, 984 सैंपल्स की टेस्टिंग हुई. अब तक देश में 46, 96,45,494 की जांच हो चुकी है.
केरल में कोविड-19 के 20,728 नए मामले, 56 लोगों की मौत तिरुवनंतपुरम
केरल में कोविड-19 के 20,728 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 34,11,489 हो गई. वहीं 56 और मरीजों की मौत के बाद के बाद महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16,837 हो गई. राज्य सरकार ने इसकी जानकारी दी . राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आज लगातार छठा ऐसा दिन है, जब प्रदेश में कोविड-19 के 20,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. राज्य में 27 जुलाई से अब तक संक्रमण के 1,28,373 मामले सामने आए हैं.
बयान में बताया गया है कि शनिवार से 17,792 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिसके बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 32,26,761 हो गई. फिलहाल, यहां 1,67,379 मरीजों का उपचार चल रहा है. बयान में कहा गया है कि मलाप्पुरम से सबसे ज्यादा 3,770 मामले सामने आए हैं. इसके बाद त्रिशूर से 2,689, कोझिकोड से 2,434, एर्णाकुलम से 2,246 मामले सामने आए हैं. नए मरीजों में से 68 स्वास्थ्यकर्मी हैं.
तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामले बढ़ रहे; 26 लोगों की मौत
तमिलनाडु में कोराना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि जारी है. राज्य में पिछले 24 घंटे में 1,990 नये मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमण के कुल मामले बढ़ कर 25,61,587 पहुंच गये हैं. स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी. एक मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक करीब 26 और लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है, जिससे कुल मृतक संख्या बढ़ कर 34,102 पहुंच गई. राज्य की राजधानी सहित पांच जिलों की हिस्सेदारी संक्रमण के नये मामलों में अधिक है.
कोयंबटूर और चेन्नई में क्रमश: 230 और 175, चजबकि चेंगलपेट में 133, इरोड में 180 और तंजौर में 126 नये मामले सामने आए. चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री मा सुब्रहमण्यम ने चेन्नई में संवाददाताओं से कहा कि पांच अगस्त से जिला प्रशासन को निगरानी बढ़ाने और केरल से आने वाले लोगों को आरटी-पीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर ही राज्य में प्रवेश की अनुमति देने कहा है

जम्मू-कश्मीर में विद्यालय और उच्च शैक्षणिक संस्थान अगले आदेश तक बंद ही रहेंगे
जम्मू-कश्मीर राज्य कार्यकारी समिति (एसईसी) ने केंद्रशासित प्रदेश में कोविड-19 स्थिति की समीक्षा करने के बाद रविवार को शैक्षणिक संस्थानों को अगले आदेश तक के लिए बंद ही रखने का निर्णय लिया. वहीं, समिति ने कहा कि किसी भी जिले में सप्ताहांत में कर्फ्यू नहीं होगा लेकिन रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ़्यू लागू रहेंगे. समिति ने बंद कमरे या खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आने वाले लोगों की संख्या 25 पर सीमित कर दी.
एक आदेश में मुख्य सचिव ए के मेहता ने कहा कि ऐसा पाया गया कि पिछले हफ़्तों की तुलना में कई जिलों में स्थिति में सुधार है. एसईसी के अध्यक्ष मेहता ने कहा, ‘हालांकि कोविड-19 के मामलों में उतार-चढ़ाव के मद्देनजर सभी जिलों में मौजूदा नियमों को बरकरार रखने की जरूरत है.’ मेहता ने कहा कि विद्यालय और कोचिंग केंद्र समेत उच्च शिक्षण संस्थान अगले आदेश तक बंद रहेंगे. हालांकि, शैक्षणिक संस्थानों को प्रशासनिक कार्यों के मद्देनजर टीके की खुराक लेने वाले कर्मचारियों को सीमित संख्या में संस्थान बुलाने की अनुमति दी गई है.

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के 36 नए रोगी मिले; कोई मौत नहीं
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 36 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई. इस अवधि में किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई. स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोविड-19 से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है. राज्य में अब तक इस वायरस से मरने वालों की संख्या 22,763 है.
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 36 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. सुल्तानपुर में चार तथा प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में तीन-तीन नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि की गई है. इसी अवधि में 70 मरीज संक्रमण से उबर गए हैं. राज्य में इस वक्त 664 कोविड-19 संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में दो लाख 48 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच की गई. राज्य में अब तक छह करोड़ 57 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है.



Leave a Reply