BIHARBreaking NewsSTATE

तेजस्वी का CM से मिलने का असर:नीतीश कुमार आज लिखेंगे PM मोदी को चिट्ठी, दिल्ली से लौटकर कहा- विपक्ष के प्रस्ताव से सहमत हैं

CM नीतीश कुमार जाति जनगणना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखेंगे। दिल्ली से लौटने के बाद नीतीश कुमार ने साफ कर दिया कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जातीय जनगणना को कराने के लिए प्रधानमंत्री से मिलेगा। उसके लिए नीतीश कुमार सोमवार को जनता दरबार के बाद PM नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखेंगे और उनसे समय मांगेंगे। नीतीश कुमार ने साफ कहा कि विधानसभा में दो-दो बार जातीय जनगणना को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार को भेजा गया था। अब एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मिलेगा और अपनी बात रखेगा। नेतृत्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। पिछले दिनों तेजस्वी यादव और विपक्ष के सभी नेताओं ने मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करके उनके सामने प्रस्ताव रखा था कि आप एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल बनाकर पीएम नरेंद्र मोदी से मिलें।

जातिगत जनगणना पर क्या बोले

जातिगत जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कल जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने भी प्रस्ताव पास कर जातिगत जनगणना कराने की मांग की है। हम इस बात को पहले से ही रखते रहे हैं। विधानसभा और विधान परिषद में सभी पार्टियों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। हमलोगों की इच्छा है कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के नेताओं के साथ मुलाकात में जातिगत जनगणना को लेकर जो बातें सामने आई हैं, उसको लेकर हम प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे। विपक्षी दलों की राय से हम सब लोग सहमत हैं।

ललन सिंह पर क्या बोले

दिल्ली से लौटने के बाद CM नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह ने राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पारित किया। उन्होंने कहा कि 7 महीने पहले RCP सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। केंद्र में मंत्री बनने के बाद उनकी इच्छा थी कि उनकी जगह पर राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। पार्टी के सभी लोगों की यही इच्छा थी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने एकमत से राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

पुराना रिश्ता

CM ने कहा कि पार्टी में किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है, पूरी पार्टी एकजुट है। ललन सिंह का इस पार्टी से काफी पुराना रिश्ता रहा है। जब से यह पार्टी बनी है, तभी से ललन सिंह का इस पार्टी से रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि ललन सिंह का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का पार्टी का निर्णय अच्छा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.