BIHARBreaking NewsSTATE

भारी बारिश से बिहार की कई नदियों में उफान, निचले इलाके जलमग्न, कई जगह नुकसान

भारी बारिश से बिहार की नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है. कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. नालंदा में लोकाइन नदी का चार स्थानों पर तटबंध टूट जाने से कई गांवों में पानी भर गया, जबकि जहानाबाद में फल्गु, मोरहर, दरधा और बलदईया नदी में उफान के कारण निचले इलाकों तक पानी पहुंच गया है. बिहारशरीफ से जहानाबाद का संपर्क टूट गया है. रोहतास में भी सोन का जलस्तर बढ़ने से कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं.

नालंदा में लोकाइन नदी ने रौद्र रूप ले लिया है. करायपरसुराय में एक तो हिलसा में नदी के तटबंध टूट गये हैं. एकंगरसराय में राढ़ील छिलका के ऊपर से पानी का तेज बहाव हो रहा है, इससे चार गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है. कई गांवों के खेत जलमग्न हो गये हैं. जिराइन, सकरी व पंचाने नदियों के जलस्तर में इजाफा होने से रहुई, अस्थावां और बिंद प्रखंडों के इलाकों में भी बाढ़ की आशंका बढ़ती जा रही है. गया में सोलहदाम पईन का तटबंध कई जगहों पर टूटने की वजह से पानी सड़क और खेतों में घुस गया है. टिकारी-केसपा सड़क से बरसीम्मा तक गई सड़क पर दो फीट तक पानी का प्रवाह हो रहा है.

रोहतास में बारिश से नदिया उफना गईं है, जिसके चलते कई गांवों में पानी घुस गया है. सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं. सोन नदी का जलस्तर रविवार की सुबह तक साढ़े तीन लाख क्यूसेक पार कर चुका है. कैमूर में बारिश के कारण पहाड़ी नदियां उफना गई हैं. दुर्गावती, कर्मनाशा, कुकुरनहिया, सुअरा नदियों का पानी आसपास के गांवों में घुस गया इससे धान की फसल डूब गई हैं.

Input: LiveCities

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.