पटना से सटे मसौढ़ी प्रखंड के भगवानगंज थाने के भजौर गांव निवासी 18 वर्षीय युवक चंदन पासवान को उसके दोस्त उत्तम सिंह ने सिर में गोली मार दी। गोलीबारी में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिर उसकी जान बचाने के लिए इलाज के लिए पटना ले गया। जख्मी युवक चंदन भजौर गांव निवासी संजय पासवान का पुत्र है। फिलहाल निजी अस्पताल पटना में इलाज के दौरान चिंताजनक हालत में जीवन और मौत से जूझ रहा है।
हमलावर आरोपित युवक उत्तम सिंह भजौर निवासी पच्चू सिंह का पुत्र है, जो जख्मी दोस्त को अस्पताल पहुंचाने के बाद फरार है। हालांकि आरोपित के परिजन अस्पताल में मौजूद रहकर पीड़ित परिवार को मदद पहुंचा रहे हैं। गोली मारने का कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों दोस्त चंदन और उत्तम एक कमरे में बैठकर खाना पीना कर रहे थे। इस दौरान किस बात को लेकर कहासुनी हो गई और गोली चल गई, जो चंदन के सिर में जा लगी। चंदन घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया।

थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार ने बताया घटना के कारणों समेत पूरी वारदात को लेकर छानबीन की जा रही है। परिजनों से पूछताछ और आरोपित युवक की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। हालांकि अभी जख्मी के परिजनों ने लिखित आवेदन नहीं दिया है।



Leave a Reply