पटना. बिहार की सियासत को लेकर 31 जुलाई बेहद अहम होने जा रहा है. सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यसमिति (JDU National Executive Meeting) की इसी दिन मीटिंग होने वाली है. इसमें पार्टी कुछ बड़ा फैसला ले सकती है. इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ( RCP Singh) और पार्टी सभी सांसद एवं कार्यसमिति के सभी सदस्य शामिल होंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम नीतीश इस बैठक में शामिल होने के लिए 30 जुलाई यानी शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे.

दरअसल, यह बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद जदयू में नया अध्यक्ष चुने जाने की चर्चा है. एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के तहत खुद आरसीपी सिंह ने हाल में कहा था कि पार्टी जब कहेगी वह राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ने के लिए तैयार हैं. हालांकि, इसके साथ उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी पार्टी अध्यक्ष के अपने दायित्वों का निर्वहन करने में पीछे नहीं हटेंगे. सियासी गलियारों से जो खबरें छनकर आ रही हैं, उसके अनुसार ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पार्टी नए चेहरे को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दे सकती है.

जदयू अध्यक्ष के लिए इन नामों की चर्चा
पार्टी की ओर से अब तक ऐसी किसी संभावना को न तो स्वीकार और न ही इनकार किया गया है, लेकिन अध्यक्ष बदलने की कवायद की जाती है तो इसमें उपेंद्र कुशवाहा और मुंगेर से सांसद ललन सिंह के नाम की सबसे अधिक चर्चा है. हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि सीएम नीतीश एक बार फिर जदयू की कमान अपने हाथ में ले सकते हैं. पर पार्टी की ओर से अभी तक इस बाबत कोई जानकारी नहीं दी गई है कि आगे क्या होने वाला है. बता दें कि कुछ महीने पहले ही सीएम नीतीश ने आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी.



Leave a Reply