BIHARBreaking NewsSTATE

कॉलेजों में बन सकती है कोरोना संक्रमण की बड़ी चेन:BA में एडमिशन के दौरान कॉलेजों में तोड़ी जा रही कोरोना गाइडलाइन, उमड़ रही भारी भीड़

गया के कॉलेजों में स्नातक में एडिमशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कॉलेज परिसर में एडमिशन को लेकर जबर्दस्त भीड़ उमड़ रही है। दो गज की दूरी और मास्क सभी दिशा-निर्देश परिसर में टूट रहे हैं। भीड़ इतनी जबर्दस्त है कि काउंटर के पास पैर रखने की जगह नहीं है। बावजूद इसके कॉलेज प्रशासन की ओर से इसका तनिक भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है।

नहीं खोले जा रहे अलग से काउंटर
छात्रों की सुविधा के लिए अलग से काउंटर नहीं खोले जा रहे हैं। नतीजतन काउंटर पर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यह हाल जिले के टिकारी प्रखंड स्थित एसएनएस कॉलेज का है। इन दिनों कॉलेज में ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों तरीके से ही स्नातक में एडमिशन व पार्ट 2 का फॉर्म भरा जा रहा है। दोनों की अंतिम तिथि भी फिलहाल 26 जुलाई ही है। ऐसे में एडमिशन के लिए प्रखंड के विभिन्न इलाकों से स्टूडेंट्स फॉर्म भरने के लिए कॉलेज आ रहे हैं। शुक्रवार की सुबह से क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से विद्यार्थी अपने दस्तावेज के साथ कॉलेज पहुंचने लगे। देखते ही देखते दोपहर में सैकड़ों की भीड़ कॉलेज परिसर में एकत्रित हो गई। खासकर के एडमिशन व फार्म भरे जाने वाले काउंटर पर छात्रों की भीड़ बड़ी संख्या में जुट गई।

कार्यालय में कॉलेज के कर्मी बैठे रहे, लेकिन उन्होंने छात्रों की परेशानी की वजह जानने की कोशिश नहीं की। वहीं छात्रों में भी कोरोना संक्रमण का डर नहीं है। बड़ी संख्या में छात्र बगैर मास्क के थे। कुछेक के पास मास्क थे भी तो वह नाक मुंह के बजाय गले में फंसे थे। दो गज की दूरी का भी इन लोगों द्वारा ख्याल नहीं रखा जा रहा था। इधर छात्रों का कहना है कि एडमिशन के लिए एक और फॉर्म भरने के लिए एक-एक काउंटर खोले गए हैं। इसकी वजह से छात्रों की लंबी कतार लग गई है। कॉलेज प्रशासन काउंटरों की संख्या बढ़ा दे तो यह समस्या आसानी से दूर हो सकती है। संबंधित मामले में कॉलेज के प्रिंसिपल के मोबाइल नंबर पर फोन किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.