BIHARBreaking NewsSTATE

कोरोना की तीसरी लहर को लेकर नीतीश सरकार की तैयारी, 20 अगस्त तक पूरे बिहार में लगेंगे 123 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट

अगस्त तक पूरे बिहार में 123 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगेंगे। इसके बाद राज्य के सभी सदर अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। 

कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए बिहार सरकार इसकी तैयारी कर रही है। ये बातें स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने आईजीआईएमएस में ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन अवसर पर कही। इसका शुभारंभ पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने किया। मौके पर सांसद ने कहा कि 233 लीटर क्षमता वाले प्लांट से 50 मरीजों को 24 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकती है। अस्पताल के निदेशक डॉ. आरएन विश्वास ने कहा कि इसके अलावा दो अन्य क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण आईजीआईएमएस परिसर में किया जा रहा है। सभी इस महीने के अंत तक शुरू हो जाएंगे। 

इसके बाद यहां मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के अलावा स्वास्थ्य मंत्री के प्रयास से यहां 1200 बेड का नया अस्पताल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद कोई भी मरीज बिना इलाज के वापस नहीं लौटेंगे। फिलहाल बेड की कमी के कारण इमरजेंसी के कई मरीज बिना इलाज के लौटाए जाते हैं। इस अवसर पर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कृष्ण गोपाल समेत कई अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। 

पीएमसीएच में भी इस महीने तक तैयार होंगे दो प्लांट

कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए पीएमसीएच में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की कार्रवाई की जा रही है। इस महीने के अंत तक दो क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट यहां शुरू हो जाएंगे। प्लांट के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने वाला है। अस्पताल अधीक्षक डॉ आईएस ठाकुर ने बताया कि दोनों प्लांट के शुरू होने पर लगभग 2000  सिलेंडर के बराबर क्षमता का उत्पादन यहां पर होने लगेगा। पीएमसीएच के किसी भी विभाग में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट शुरू होने पर भी ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति जारी रहेगी। इससे एक वार्ड से दूसरे वार्ड में मरीजों को शिफ्ट करने में कोई परेशानी नही होगी। आपातकाल में उसका इस्तेमाल भी किया जा सकेगा

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.