BIHARBreaking NewsSTATE

अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र को सौगात देते वक्त भावुक हुए नीतीश कुमार, अटल जी की आई याद

पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपने पूर्व के संसदीय क्षेत्र बाढ़ में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत डाकबंगला परिसर में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया. नीतीश कुमार ने कहा कि सभी को मालूम है कि बाढ़ से हमारा विशेष लगाव है. क्षेत्र के लोगों से हमेशा हम सम्पर्क में रहते हैं. लोगो से मुलाकात करने के लिए एक-एक दिन में 12 किलोमीटर पैदल चलते थे, एक दिन तो हम 16 किलोमीटर तक पैदल चले थे. उन्होंने कहा कि हम बाढ़ से 5 बार सांसद रहे हैं, लेकिन परिसीमन के कारण बाढ़ संसदीय क्षेत्र समाप्त होने से मुझे काफी दुख हुआ था. यहां की जनता ने हमें विशेष प्यार और स्नेह दिया है.

नीतीश कुमार ने कहा कि यहां से पहली बार सांसद रहते हुए हम केंद्र में राज्य मंत्री बने. बाद में स्व. अटल जी की सरकार में केंद्रीय मंत्री बने. केंद्र में मंत्री रहते हुए भी हम इस क्षेत्र में घूमते रहते थे. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में पुल-पुलियों और सड़कों का निर्माण कराया गया है. बाढ़ में भी कई सड़कों और पुलों का निर्माण किया गया है. अब लोगों को पैदल चलना नहीं पड़ता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरनौत से विधायक रहते हुए हमने टाल क्षेत्र के विकास को लेकर प्रयास किया था. केंद्र में मंत्री रहते हुए टाल क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की शुरुआत कराई थी. बाद में हमलोगों ने टाल क्षेत्र के विकास को लेकर कई योजनाएं बनाई, जिस पर काम किया जा रहा है.



बताईं भविष्य की योजनाएं

नीतीश कुमार ने कहा कि हमने डाकबंगला परिसर का निरीक्षण किया था और उसी समय निर्णय किया था कि मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत यहां सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए. आज इस नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन हुआ है. सामुदायिक भवन के निर्माण होने से यहां के लोगों को काफी सहूलियत होगी. सामुदायिक भवन में 9 सुसज्जित कमरे और किचेन भी बनाये गये हैं. यहां सांस्कृतिक, वैवाहिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी साथ ही लोग रात्रि विश्राम भी कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि इसी परिसर में बहुद्देशीय सभागार भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे जल्द से जल्द पूरा किया जाय. डाकबंगला का भी निरीक्षण कर लें, अगर लगता है कि उसे फिर से बनाये जाने की जरुरत है तो उस पर भी काम करें. बाढ़ अस्पताल के पुनर्निर्माण को लेकर भी योजना बनायें.

कोरोना जांच का लक्ष्य 1 लाख से बढ़ा कर 2 करने का निर्देश


नीतीश कुमार ने कहा कि लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म है. उन्होंने कहा कि हम देश में आबादी में तीसरे नंबर पर हैं जबकि क्षेत्रफल में 12 वें स्थान पर हैं. बड़ी आबादी होने के बावजूद कोरोना को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाये गये हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना के तीसरे फेज की संभावना जताई जा रही है. लोग इसको लेकर पूरी तरह से सतर्क एवं सचेत रहें. केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में टीकाकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है. कोरोना की जांच भी तेजी से की जा रही है. प्रतिदिन हमने 2 लाख कोरोना की जांच करने को कहा है. अधिक से अधिक कोरोना की जांच होने से जिन संक्रमितों का पता चलेगा, उनका इलाज ससमय हो पायेगा और इसके फैलाव को रोका जा सकेगा.

बाढ़ में विकास के कई काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में विकास के कई कार्य किये गये हैं. कोरोना खत्म होने पर हम फिर से क्षेत्र में आयेंगे और जो भी कार्य किये गये हैं उनको देखेंगे. हमलोगों ने बाढ़ में शुरु से कई कार्य किये हैं. पहले क्या स्थिति थी और अब क्या स्थिति है, इसकी जानकारी नई पीढ़ी को देने की जरुरत है. उन्होंने कहा कि बाढ़ के लोगों को हम जीवन भर नहीं भूलेंगे. मेरी प्रतिबद्धता आप सबों के प्रति हमेशा रहेगी

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.