BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार : इस शहरों में मात्र 15 रुपये में मिल रहा है भरपेट भोजन, जानें किसने शुरू की यह व्यवस्था

बिहार के एक शहर में गरीब, मजदूरों और सफाईकर्मियों को अब पैसों के अभाव के चलते अब भूखा नहीं रहना पड़ेगा। यहां गरीबों और मजदूरों के लिए मात्र 15 रुपये में भरपेट भोजन की व्यवस्था शुरू की गई है। उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। इसके लिए भामाशाह फाउंडेशन के साथ मिलकर पटना नगर निगम क्षेत्र में मंगलवार को इस योजना का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को पटना नगर निगम के गाय घाट स्थित नवनिर्मित रैन बसेरा से महापौर सीता साहू एवं अपर नगर आयुक्त योजना एवं सफाई और स्थायी समिति के सदस्यों ने विधिवत उद्घाटन किया।

मौके पर मेयर सीता साहू ने कहा कि सफाई मजदूर, रिक्शा ठेला चालक सहित कई ऐसे दैनिक कर्मी हैं, जिनको इस योजना से लाभ होगा। कम पैसे में वह गुणवत्तापूर्ण खाना प्राप्त करेंगे। इससे उनका स्वास्थ्य भी बना रहेगा और खाने पर बहुत खर्च भी नहीं होगा। इस योजना के तहत मात्र 15 रुपए में लोगों को गुणवत्तापूर्ण थाली मिलेगी। इस थाली में दिन में जहां चावल, दाल, सब्जी, भुजिया और अचार दिया जाएगा, वहीं रात में 15 रुपए में 5 रोटी, दाल, सब्जी, भुजिया और अचार दिया जाएगा। 

20 स्थलों पर बढ़ायी जाएगी यह सुविधा
गाय घाट स्थित रैन बसेरा से इसकी शुरुआत की गई है। इसके बाद शहर के 20 विभिन्न इलाकों में इसे शुरू किया जाएगा। संस्था की तरफ से जगह का चयन किया गया है जिसमें अनुमति मिलने के बाद योजना शुरू की जाएगी। इसमें पटना नगर निगम के मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स, राजेंद्र नगर टर्मिनल, बस स्टैंड एवं गांधी मैदान के साथ शहर के कई प्रमुख हिस्सों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ( योजना ) देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी अजीमाबाद राकेश कुमार एवं स्थायी समिति के सदस्य इंद्रदीप कुमार चंद्रवंशी, मुन्ना जायसवाल, किरण मेहता, अरुण शर्मा समेत अन्य माननीय पार्षद मौजूद रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.