BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर : ऑड-ईवन के साथ खुलेंगे कॉलेज, बिना मास्क पांच रुपये जुर्माना

बिहार सरकार के निर्देश के बाद जिले में कॉलेज व स्कूलों को खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 10वीं से ऊपर के स्कूल-कॉलेजों को 50 फीसदी उपस्थिति के साथ खोलने का आदेश दिया गया है। साथ ही कोरोना से बचाव को लेकर जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। इसको लेकर कई कॉलेजों ने मंगलवार को शिक्षकों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। तय हुआ कि कॉलेज ऑड-इवेन रोल नंबर के अनुसार खुलेंगे। पहले दिन ऑड रोल नंबर वाले छात्र कॉलेज आएंगे। दूसरे दिन इवेन नंबर वाले छात्र आएंगे। कॉलेज आने के लिए इसी तरह का रूटीन तैयार होगा। यह हर विषय में लागू होगा। कॉलेजों ने 50 फीसदी उपस्थिति के लिए छात्र-छात्राओं के लिए नियम तैयार करना शुरू कर दिया है

वहीं, लॉकडाउन के कारण पिछले साढ़े तीन महीने से बंद पड़ कॉलेजों व प्लस टू स्कूलों के बेंच-डेस्क धूल से भर गए थे। प्रयोगशाला के तमाम उपकरणों का भी यही हाल है। एलएस कॉलेज के विज्ञान व कला संकाय में लैब के उपकरणों पर धूल जमा थी। वहीं, एलएनटी कॉलेज की खिड़कियों से झांकने पर ही बेंच पर धूल सफेद चादर की तरह पसरी थी। सभी कॉलेजों में यही हाल था। अब सरकार के निर्देश के बाद एलएस कॉलेज सहित कई कॉलेजों में सफाई शुरू हो गई। वहीं, अधिकतर कॉलेजों में 10 जुलाई के बाद से क्लासरूम की सफाई और सैनेटाइजेशन का काम होगा। 

छात्र व कर्मियों के लिए मास्क अनिवार्य
आरबीबीएम कॉलेज में मास्क न पहनकर कॉलेज आने पर पांच रुपये का जुर्माना लगेगा। प्राचार्य डॉ. ममता रानी ने कहा कि 10 जुलाई को कॉलेज के हर क्लासरूम को सैनेटाइज किया जाएगा। शिक्षक व कर्मियों के साथ सभी छात्राओं को मास्क अनिवार्य होगा। पहले दिन मास्क न पहन कर आने वाली छात्राओं को हिदायत दी जाएगी। दूसरे दिन से पांच रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही कॉलेज के मेन गेट पर सैनेटाइज की व्यवस्था होगी।

रोल नंबर के अनुसार कक्षाओं में आएंगे छात्र
एलएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओपी राय ने कहा कि छात्रों के लिए कॉलेज 12 जुलाई से खोल दिया जाएगा। इसके लिए कॉलेजों की सफाई का काम शुरू हो गया है। रोल नंबर के अनुसार छात्रों को कॉलेज में प्रवेश मिलेगा। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि जितने छात्र जिस विषय में हैं 50 फीसदी ही एक दिन में आएं। जो भी छात्र आएंगे, शिक्षक उन्हें पढ़ाएंगे।

दो बेंच छोड़ क्लासरूम में बैठेंगे छात्र
रामेश्वर कॉलेज में भी कॉलेज खोलने को साफ-सफाई शुरू हो गई। प्राचार्य डॉ. अभय कुमार सिंह ने कहा कि पूरे परिसर को सैनेटाइजेशन काम चल रहा है। कॉलेज में घुसने के साथ छात्रों को सैनेटाइजेशन के बाद प्रवेश मिलेगा। क्लास में 50 फीसदी छात्र होंगे। उसमें भी दो बेंच छोड़ कर छात्र क्लासरूम में बैठेंगे।

Input: Hindustan

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.