पटना. जमुई के सांसद चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने एक बार फिर से अपने चाचा पशुपति पारस और बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर हमला बोला है. पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब मेरे पिता बीमार थे तो नीतीश कुमार ने उनका हालचाल तक नहीं पूछा था. उन्होंने हमारे नेता को हमेशा अपमानित किया था लेकिन आज मेरे चाचा उन्हीं की गोद में जाकर बैठे हैं. चिराग ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने सोमवार को पिता जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. विपक्ष ने भी उन्हें याद किया लेकिन नीतीश कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी और हमारे चाचा उनके साथ दोस्ती निभा रहे हैं.
बिहार में आशीर्वाद यात्रा पर निकले चिराग ने कहा कि मेरे पिता जी के विचारो को रौदने का काम हमारे चाचा के द्वारा किया जा रहा है. मेरे पिता जी के द्वारा मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था. वो कहते हैं मुझे प्रदेश अध्यक्ष पद से क्यों हटाया, तो ये फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष का होता है और उस वक्त राम विलास जी राष्ट्रीय अध्यक्ष थे. चिराग ने कहा कि चाचा आज ये कह रहे हैं कि अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अकेले चिराग का था, तो कोई भी सांसद अपने बच्चों के सिर पर हाथ रख कर कह दे कि ये मेरा अकेला फैसला था. आपने चिराग के पीठ पर खंजर नही घोंपा, आपने रामविलास जी के पीठ पर खंजर घोंपा है.
चिराग ने कहा कि ये नीतीश कुमार हैं जिसने रामविलास जी को कभी आगे बढने नही दिया. हमेशा उनकी राजनीतिक हत्या करने का प्रयास किय. दलित जाति को नीतीश कुमार ने दलित और महादलित में बांटने का काम किया, पासवान जाति को प्रताड़ित करने का काम किया. चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार जी ने पिछले वर्ष भी हमारे नेता को पूरे दिन जन्मदिन का बधाई देना उचित नहीं समझा था और शाम में सुशील मोदी जी द्वारा ट्वीट करने पर ट्वीट किया था. चिराग ने टिकट बंटवारे के सवाल पर कहा कि ये लोग हमें 15 सीटें दे रहे थे. आज जो सांसद मेरे विरोध में हैं उन्हीं की डिमांड में सभी सीटें ख़त्म हो जातीं. वीणा देवी अपनी बेटी के लिए, प्रिंस अपने बड़े भाई के लिए टिकट मांग रहे थे.
पार्टी में मची टूट के सवाल पर चिराग ने कहा कि एलजेपी के संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पांच साल का होता है दो परिस्थिति मे ही मुझे हटाया जा सकता है या तो मेरा निधन हो जाय या मैं खुद इस्तीफा दे दूं. ये विरोध मेरा कर रहे है या हमारे नेता रामविलास जी का कर रहे है. 137 प्रत्याशी में 130 प्रत्याशी हमारे पास हैं. 90 प्रतिशत प्रत्याशी हमारे साथ हैं. 95 प्रतिशत कार्यालय कर्मी हमारे साथ हैं. चिराग ने कहा कि चुनाव के बाद मैंने कहा था कि ये सरकार एक से डेढ़ साल चलेगी. इस सरकार की उल्टी गिनती शुरु है. केंद्रीय मंत्रीमंडल विस्तार के साथ जेडीयू में टूट होगा.




Leave a Reply