नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई मूसलधार बारिश की वजह से गौनाहा प्रखंड से होकर गुजरने वाली पंडई, हरबोड़ा, कठहा, द्वारदह और गांगुली नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इससे दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे गौनाहा प्रखंड की कई पंचायतों में नदियों का तांडव देखने को मिल रहा है,। बाढ़ से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वे दहशत में जी रहे हैं। डर के कारण लोग रातजगा कर रहे हैं। गांव में सड़कों पर पानी आ चुका है। लोगों के आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है। यातायात पूरी तरह बाधित है।
हरबोड़ी नदी में उफान से परेशान हैं लोग
हरबोड़ी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से गौनाहा प्रखंड के माधोपुर पंचायत के दर्जनों गांवों पर बाढ़ और कटाव का खतरा मंडरा रहा है। पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से नदी के निचले इलाकों में कटाव तेजी से हो रहा है। यहां के लोग जागकर रात बिताने को मजबूर हैं। अगर नदी का पानी गांव में घुसता है तो हजारों की आबादी इससे प्रभावित होगी। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है.। गौनाहा प्रखंड चारों तरफ से पहाड़ी नदियों से घिरा है। ऐसे में हरबोड़ा नदी के कटाव से माधोपुर पंचायत के माधोपुर बैरिया गांव के लोग सहमे हुए हैं। जलस्तर बढ़ने से अगर ऐसा कटाव होता रहा तो गांव में पानी घुसने में देर नहीं लगेगी।

कटाव निरोधी कार्य की मांग कर रहे लोग
ग्रामीणों ने बताया कि अगर गांव में पानी घुसता है तो हजारों लोग बेघर हो जाएंगे। डर लगा रहता है कि नदी का कटाव जिस तरह से हो रहा है, ना जाने गांव में कब पानी घुस जाए। ऐसे में कटाव निरोधी कार्य जल्दी से होना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ जगह सैंड बैग नदी के किनारे रखे गए थे, लेकिन वह भी हरबोड़ा नदी में समा गए हैं।

माधोपुर पंचायत के एक गांव का नजारा।



Leave a Reply