बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में उपलब्ध करायी गयी 15 एकड़ भूमि में 300 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। बुधवार को सचिवालय स्थित सभागार में टाटा मेमोरियल सेंटर और बिहार सरकार के बीच दोपहर बाद समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई के उप निदेशक डॉ. पंकज चतुर्वेदी और कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के प्रभारी डॉ रविकांत सिंह उपस्थित थे। समझौता पत्र के अनुसार राज्य सरकार व टाटा स्मारक (मेमोरियल) केंद्र के बीच आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए जिम्मेदारी तय की गयी।
टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा पूरा किए जाने वाले कार्य
1. बिहार सरकार द्वारा श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के परिसर में दी गई 15 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का निर्माण होगा, जिसकी लागत 300 करोड़ होगी।
2. कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर में 100 बेड का होगा। यहां सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, रेडियोलॉजी पैथोलॉजी, सूक्ष्म जीव विज्ञान, जैव रसायन, निवारक ऑन्कोलॉजी और उपशामक चिकित्सा की सुविधा रहेगी। वहां फेलोशिप के जरिये एमएस/एमडी, एमसीएच, डीएम जैसे शिक्षण कार्यक्रम स्थापित होंगे।
3. यह अस्पताल टाटा मेमोरियल सेंटर, परमाणु ऊर्जा मंत्रालय के द्वारा पूर्ण स्वायत्ता के साथ टाटा मेमोरियल अस्पताल, मुंबई के समान चलाया जाएगा।
4. मुजफ्फरपुर क्षेत्र में जनसंख्या आधारित कैंसर रजिस्ट्री की स्थापना। बिहार सरकार की सहयोग से पीबीसीआर का दायरा बढ़ाया जाएगा।
5. बिहार में कैंसर देखभाल में सुधार के लिए राज्य सरकार को तकनीकी सहायता प्रदान करेगी।
6. टाटा मेमोरियल अस्पताल के समान चिकित्सा के समान बिहार राज्य के लिए मानक प्रबंधन दिशा-निर्देश स्थापित करने में सहायता करेगी।
7. कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर को नेशनल कैंसर ग्रिड टाटा मेमोरियल सेंटर में एकीकृत किया गया है।
बिहार सरकार द्वारा
1. अस्पताल में संक्षिप्त प्रशिक्षण के लिए विभिन्न कोर्स से यूजी और पीजी करने के लिए एक आदेश करेगी।
2. इस अस्पताल में डॉक्टर्स और नर्सों के लिए ऑन्कोलॉजी प्रशिक्षण की शुरुआत होगी।
3. गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज करने के लिए अस्पताल को आर्थिक मदद प्रदान करना।





Leave a Reply