कटिहार. बिहार के कटिहार में लूट की बड़ी घटना हुई है. लुटेरों ने एक चावल व्यवसायी से सात लाख पचहत्तर हजार रूपए लूट लिए और आराम से भाग निकले. लुटेरों ने लूट की इस घटना को बंदूक के बल पर अंजाम दिया. लूट की वारदात कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हफलगंज उदामारेखा के पास की है.
घटना के बारे में बताया जा रहा है प्रभाकर कुमार साह अपने भांजा संतोष कुमार साह के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवाल होकर मनसाही और हापला से चावल के रुपया कलेक्शन लेकर लौट रहे थे, इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने बंदूक के बल लूट की घटना को अंजाम दिया. घटना के बारे में पीड़ित व्यवसाई प्रभाकर कुमार साह ने बताया कि हथियारबंद अपराधियों ने दोनों पर अलग-अलग हथियार तान दिया और डिक्की में रखें 7 लाख 75 हजार निकाल कर भाग निकले.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. घटना के बाद आरक्षी अधीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मी मौका-ए-वारदात समेत आस पड़ोस में लगे सीसीटीवी के आधार पर लूट कांड को खंगालने में जुटे हुए हैं. फिलहाल लूट की घटना को अंजाम देने वाले लुटेरों का सुराग नहीं मिल सका है.




Leave a Reply