नई दिल्ली. डेक्कन एक्सप्रेस ट्रेन (Mumbai-Pune Deccan Express special train) के जरिए मुंबई से पुणे का सफर करने वालों की यात्रा अब और सुखद होने वाली है. शनिवार को मध्य रेलवे ने ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है. खास बात यह है कि इस बार रेल में पहली बार विस्टाडोम कोच भी लगाया है. जिसके जरिए यात्री सफर के साथ-साथ प्रकृति के नजारे भी ले सकेंगे. ट्रेन को आज सुबह 7 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
अब डेक्कन एक्सप्रेस में रेल का सफर मोबाइल नहीं वादियों को देखते हुए गुजरेगा. विस्टाडोम कोच के जरिए यात्री यात्रा के दौरान पश्चिमी घाट सेक्शन के मनोरम दृश्यों और वादियों का मजा लेते नजर आए. मुम्बई-पुणे मार्ग पर यात्री माथेरान पहाड़ी, सोनगिर पहाड़ी, उल्हास नदी, उल्हास घाटी, खंडाला व लोनावाला की प्राकृतिक सुंदरता और प्रकृति को नजदीकी से देखने का आनंद ले पाएंगे.

विस्टाडोम कोच में सफर करते यात्री फोटो: (Twitter/@PiyushGoyal)
डीआरएम शलभ गोयल ने बताया कि आज से डेक्कन एक्सप्रेस में विस्टाडोम कोच लगाया गया है. विस्टाडोम कोच से यात्री यात्रा के दौरान रास्ते मे पड़ने वाले तमाम खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्रों और मनोहारी दृश्यों का लुत्फ उठा पाएंगे. इनके अलावा रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्विटर हैंडल पर वीडियो के जरिए यात्रा की एक झलक दिखाई है.
विस्टाडोम कोच में क्या है खास
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, ‘एयर कंडीशन कोच में छत पर ग्लास पैनल लगे हैं और इसकी खिड़कियां बड़ी हैं.’ उन्होंने जानकारी दी, ‘इसकी कुर्सियां 180 डिग्री तक घूम सकती हैं और दरवाजे बटन से खुलते हैं.’ एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, इस कोच में लगी कांच की खिड़कियां इंटीग्रल कोच फैक्ट्री चेन्नई में तैयार हुई हैं. इनमें लेमिनिटेड ग्लाश शीट लगी हैं, जो बिखरती नहीं हैं.

एजेंसी के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कोच में 6 सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं. अधिकारी ने जानकारी दी कि पैसेंजर ने पहली ट्रिप पर सभी 44 सीटें बुक कर ली हैं. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद जताई है.



Leave a Reply