पटना में रिकॉर्ड तोड़ बारिश से राजधानी पानी पानी हो गई है। पूरी रात गरज के साथ इस मानसून सत्र की सबसे तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 145.4 MM बारिश हुई और अभी भारी वर्षा के आसार भी बन रहे हैं। राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इनमें से 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी देते हुए लोगों को सावधान किया जा रहा है।
राज्य में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है इसमें गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, समस्तीपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, गया शामिल है। मौसम विभाग ने इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों में अलर्ट जारी किया है कि यहां अगले कुछ घंटों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है।
पटना में 150 से अधिक मोहल्लों में जलजमाव
शुक्रवार की रात हुई जबरदस्त बारिश में पटना के 150 से अधिक मोहल्लों में पानी जमा हो गया है। रात लगभग 12 बजे के बाद शुरु हुई बारिश भोर में थमी। इस दौरान तेज गरज और आकाशीय बिजली के कड़कने से लोग परेशान हो गए। पूरी रात बारिश होती रही जिससे सड़कों पर भी पानी भर गया है। कंकड़बाग, पाटलिपुत्रा, दीघा, आशियाना, राजीव नगर, केसरी नगर, राजेंद्र नगर, मछुआ टोली के साथ कई ऐसे मोहल्ले हैं जहां लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नालियां पूरी तरह से चोक हो गई हैं और सड़क पर पानी है। कई इलाकों में तो शुक्रवार की रात बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।





Leave a Reply