BIHARBreaking NewsSTATE

नेपाल में लगातार बारिश से बिहार में बाढ़ जैसे हालात, कई जिलों में फैला बाढ़ का पानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त

नेपाल और गंडक नदी के जल ग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से हो रही भारी बारिश ने बिहार की चिंता बढ़ा दी है. नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि हुई है. वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 3 लाख 50 हज़ार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज गंडक नदी में हो रहा है. जलस्तर में वृद्धि को लेकर वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं. वहीं, वाल्मीकिनगर गंडक बराज के साथ ही तटबंधों और बांधों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है.

गंडक नदी में नावों के परिचालन पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है. जलस्तर में वृद्धि के साथ दर्जनों गांवों में नदी का पानी घुस गया है. स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक की. भारी बारिश होने के कारण पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले के जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. तटबंधों के निकट रहने वाले लोगों के बीच माइकिंग के जरिये इसका विशेष रूप से प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि निष्क्रमण की कार्रवाई त्वरित गति से हो सके. गंडक नदी के तटबंधों के इलाके में रहने वाले लोगों को जल्द से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए.

बैठक में मुख्यमंत्री ने भारी वर्षापात एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुये आपदा प्रबंधन विभाग, जल संसाधन विभाग एवं सभी संबंधित जिलाधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट में रहने का निर्देश दिया. मौसम पूर्वानुमान एजेंसियों के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह अलर्ट रहे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.